JANCHOUPAL36
रायपुर, 24 जुलाई 2025।
छत्तीसगढ़ की पारंपरिक खुशबू से महकता पहला त्योहार हरेली तिहार इस बार और भी खास होने जा रहा है। मुख्यमंत्री निवास में हरेली पर्व को पारंपरिक उल्लास के साथ मनाने की पूरी तैयारी कर ली गई है।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय खुद इस आयोजन में शामिल होंगे और कृषि यंत्रों व औजारों की पूजा करेंगे — जो इस पर्व की प्रमुख परंपरा है।
इस मौके पर गेड़ी नृत्य, सावन झूला, रामायण पाठ, लोककला प्रदर्शन और बच्चों के लिए पारंपरिक खेलों का आयोजन होगा। इसके साथ ही आधुनिक और पारंपरिक कृषि यंत्रों की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी ताकि नई पीढ़ी को छत्तीसगढ़ की समृद्ध कृषि परंपराओं और यांत्रिक विकास की जानकारी मिल सके।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को हरेली की शुभकामनाएं देते हुए कहा — “यह पर्व केवल खेती-किसानी का उत्सव नहीं, बल्कि प्रकृति से प्रेम और धरती माता के प्रति आभार व्यक्त करने का माध्यम है। यह पर्व हमारी सांस्कृतिक पहचान है, जो प्रकृति, परंपरा और प्रगति को एक साथ जोड़ता है।”
मुख्यमंत्री साय ने लोगों से अपील की कि इस बार हरेली को पर्यावरण जागरूकता के पर्व के रूप में भी मनाएं।
उन्होंने कहा — “हरेली के दिन अगर हर व्यक्ति एक पेड़ लगाए, तो हम आने वाली पीढ़ियों को हरियाली से भरा भविष्य दे सकते हैं। यह पर्व परंपरा के साथ-साथ हमारी पर्यावरणीय जिम्मेदारी का प्रतीक भी बनना चाहिए।”
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि यह पर्व प्रदेशवासियों के जीवन में खुशहाली, सौहार्द और हरियाली लेकर आए।


