श्री दूधाधारी मठ महोत्सव के दूसरे दिन रामकथा में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी व्यासपीठ पर पहुंचकर लिया आशीर्वाद
रायपुर। श्री दूधाधारी मठ महोत्सव के द्वितीय दिवस आयोजित श्रीराम कथा में अवधपुरी धाम (उत्तर प्रदेश) से पधारे स्वामी यतिराजाचार्य जी महाराज ने श्रद्धालुओं को सत्संग, भक्ति, कर्म और मृत्यु के जीवन दर्शन से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि संसार में काल का भय हर जीव को सताता है, लेकिन इससे मुक्ति का मार्ग भगवान की शरणागति में है। जो व्यक्ति सच्चे मन से भगवान की शरण में जाता है, भगवान उसकी रक्षा करते हैं।
महाराज जी ने कहा कि काल रूपी सर्प प्रत्येक क्षण मनुष्य को अपनी गिरफ्त में ले रहा है और संसार में कोई भी इससे बच नहीं सकता। इसलिए मनुष्य को मृत्यु के भय में जीवन बिताने के बजाय प्रभु की भक्ति और सत्कर्मों की ओर बढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि ऋषि, मुनि और महात्मा मृत्यु से भयभीत नहीं होते, बल्कि उसे जीवन की स्वाभाविक प्रक्रिया मानते हैं।
रामकथा और सत्संग को बताया प्रभु कृपा का माध्यम
स्वामी यतिराजाचार्य जी महाराज ने कहा कि सत्संग का अवसर भी प्रभु की कृपा से प्राप्त होता है। गोस्वामी तुलसीदास जी ने रामचरितमानस में लिखा है— ‘यही सर आवत अति कठिनाई। राम कृपा बिनु आई न जाई।’ इसका भाव यही है कि सत्संग का लाभ हर किसी को सहजता से नहीं मिलता, इसके लिए भगवान की कृपा आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि संसार में श्रीराम कथा से बढ़कर कोई कथा नहीं है। जहां देवताओं की पूजा, सत्संग और दान का आयोजन होता है, वही स्थान महायज्ञ के समान हो जाता है। भगवान के चरणों में निस्वार्थ प्रेम ही सच्ची भक्ति है। संतों के जीवन का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि वे सुख को प्रभु की कृपा और दुख को अपने कर्मों का फल मानकर स्वीकार करते हैं।
श्रीराम कथा में पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल
श्री दूधाधारी मठ महोत्सव के द्वितीय सत्र में छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी शामिल हुए। उन्होंने व्यासपीठ की पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान राजेश्री महन्त रामसुन्दर दास जी महाराज ने उनका स्वागत किया और श्री दूधाधारी मठ के साथ उनके आत्मीय संबंधों का उल्लेख किया।
इस अवसर पर भूपेश बघेल ने अपने मुख्यमंत्री कार्यकाल के दौरान मठ से जुड़े अनुभव साझा करते हुए कहा कि छेरछेरा पर्व के अवसर पर वे नियमित रूप से श्री दूधाधारी मठ पहुंचते थे। महाराज जी उन्हें उनके वजन के बराबर अन्नदान के साथ सवा लाख रुपये छेरछेरा के रूप में प्रदान करते थे।
उन्होंने शिवरीनारायण भगवान के प्रति अपनी आस्था का उल्लेख करते हुए कहा कि वे प्रत्येक तीन महीने में भगवान के दर्शन और क्षेत्र के लोगों से मुलाकात के लिए शिवरीनारायण पहुंचते थे।
कार्यक्रम में आर.पी. सिंह, सुशील ओझा, सन्नी अग्रवाल, पार्षद जयश्री, सत्यनारायण नायक, विजय पाली, रामकृष्ण पाली, राजेश अग्रवाल, निर्मल दास वैष्णव सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।
