स्वास्थ्य विभाग द्वारा महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया जाएगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से महिलाओं से संवाद करेंगे।
बेमेतरा_ 05 मार्च 2026
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर 8 मार्च को जिला मुख्यालय के टाउन हॉल में जिला स्तरीय महिला सम्मेलन एवं महिला मड़ई का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराना तथा उन्हें सशक्त बनाने के प्रयासों को प्रोत्साहित करना है।
कार्यक्रम में विभिन्न विभागों द्वारा महिलाओं और बालिकाओं के कल्याण के लिए संचालित योजनाओं की जानकारी देने के लिए स्टॉल प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इन स्टॉल के माध्यम से उपस्थित महिलाओं को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया और उनके उद्देश्य के बारे में विस्तार से बताया जाएगा।
सम्मेलन स्थल पर महिला स्व-सहायता समूहों द्वारा तैयार किए गए उत्पादों की प्रदर्शनी एवं बिक्री भी की जाएगी, जिससे समूहों को अपने उत्पादों के प्रचार-प्रसार और आयवृद्धि का अवसर मिलेगा।
इसके साथ ही स्वास्थ्य विभाग की ओर से महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण भी किया जाएगा, ताकि उन्हें आवश्यक स्वास्थ्य परामर्श और जागरूकता मिल सके।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से महिलाओं से संवाद करेंगे और विभिन्न योजनाओं के माध्यम से उनके जीवन में आए सकारात्मक बदलावों पर चर्चा करेंगे।
सम्मेलन के दौरान शिक्षा, सामाजिक सेवा, उद्यमिता और अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित भी किया जाएगा।


