24.3 C
Raipur
Tuesday, July 21, 2026

उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने वनांचल के पुनर्वास केंद्र का किया आकस्मिक निरीक्षण

Must read

बहुआयामी कौशल प्रशिक्षण देकर आजीविकामूलक कार्यों से जोड़ने के दिए निर्देश।

रायपुर/बस्तर, 10 नवम्बर 2025

प्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री श्री विजय शर्मा आज शाम कांकेर जिले के भानुप्रतापपुर विकासखंड के सुदूर ग्राम मुल्ला स्थित पुनर्वास केंद्र का आकस्मिक निरीक्षण करने पहुंचे। उन्होंने हथियार छोड़कर मुख्यधारा में लौटे युवाओं को दिए जा रहे कौशल विकास प्रशिक्षण का जायजा लिया। श्री शर्मा ने युवाओं से मुलाकात की और मूलभूत सुविधाओं व समस्याओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि इन युवाओं की सभी मूलभूत समस्याओं का विशेष ध्यान रखा जाए।

उपमुख्यमंत्री श्री शर्मा ने अधिकारियों को युवाओं को प्रतिदिन कम से कम दो व्यावसायिक पाठ्यक्रमों का प्रशिक्षण देने का निर्देश दिया, जिससे उन्हें अधिक कुशल बनाया जा सके और उनके जीवन में दीर्घकालिक रोजगार मिल सके। उन्होंने अधिकारियों को पुनर्वासित परिवार के सदस्यों से केंद्र में मुलाकात की व्यवस्था कराने, आधार कार्ड, आयुष्मान कार्ड बनवाने और स्वास्थ्य परीक्षण कराने के निर्देश भी दिए। इसके अतिरिक्त, परिवार की सहमति पर पुनर्वास केंद्र में ही सामूहिक विवाह की व्यवस्था कराने के लिए भी कहा गया।

श्री शर्मा ने युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ने की एक अनूठी पहल की। उन्होंने निर्देश दिया कि विधानसभा सत्र के दौरान इन युवाओं को रायपुर का भ्रमण कराया जाए, ताकि वे राज्य की कार्यप्रणाली से अवगत हो सकें। यह कदम उन्हें समाज की मुख्यधारा में शामिल होने के लिए प्रेरित करेगा। वर्तमान में इस केंद्र में माओवाद विचारधारा छोड़कर लौटे कुल 66 प्रशिक्षुओं को रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

इस पुनर्वास केंद्र में युवाओं को काष्ठ शिल्प, राज मिस्त्री और इलेक्ट्रिशियन जैसे एडवांस ट्रेड्स का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसमें 52 पुनर्वासित युवक और 14 प्रभावित परिवारों के सदस्य शामिल हैं, जो स्वावलंबी बनने की ओर अग्रसर हैं।





- Advertisement -spot_img

More articles

- Advertisement -spot_img

Latest article