28 C
Raipur
Wednesday, July 8, 2026

डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल किरंदुल के भारत स्काउट्स एवं गाइड्स ने दिया हरियाली का संदेश,

Must read

किरंदुल/बस्तर न्यूज – 08 जुलाई 2026

(रिपोर्ट रवि सरकार)

वृहत वृक्षारोपण अभियान के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प।

पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता के संवर्धन तथा विद्यार्थियों में प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करने के उद्देश्य से भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, छत्तीसगढ़ इकाई के अंतर्गत डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल, किरंदुल में वृहत वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व विद्यालय के प्राचार्य श्री एस.के. श्रीवास्तव ने किया।

इस अवसर पर विद्यालय परिसर हरियाली के संदेश से गूंज उठा और छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय परिसर में विभिन्न फलदार एवं छायादार पौधों के रोपण के साथ हुआ।

विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने मिलकर पपीता, अमरूद, आँवला, सहजन तथा नींबू सहित अनेक उपयोगी पौधे लगाए। इन पौधों का चयन इस उद्देश्य से किया गया कि भविष्य में ये न केवल पर्यावरण को शुद्ध बनाएंगे, बल्कि विद्यार्थियों को प्रकृति से जुड़ने तथा जैव विविधता के महत्व को समझने का अवसर भी प्रदान करेंगे।
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य एस.के. श्रीवास्तव ने कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण केवल एक अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की नैतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्यार्थियों से अधिक से अधिक पौधे लगाने, उनकी नियमित देखभाल करने तथा अपने आसपास के लोगों को भी वृक्षारोपण के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि एक पौधा भविष्य की पीढ़ियों के लिए अमूल्य धरोहर है और यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने जीवन में कम से कम एक पौधे के संरक्षण का संकल्प ले, तो आने वाले वर्षों में पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा परिवर्तन संभव है।

कार्यक्रम में रेंजर लीडर श्रीमती तृप्ति श्रीवास्तव, गाइड कैप्टन सुश्री अनामिका एक्का, स्काउट मास्टर श्री नारायण प्रसाद, कब मास्टर श्री राकेश कुमार, गाइड कैप्टन श्रीमती सुरभी राव सहित विद्यालय के स्काउट्स-गाइड्स, रोवर-रेंजर एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने सक्रिय सहभागिता निभाई।

सभी ने पौधारोपण के साथ-साथ उनके संरक्षण एवं नियमित देखभाल का संकल्प भी लिया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को वृक्षों के महत्व, जलवायु परिवर्तन, जैव विविधता संरक्षण तथा प्राकृतिक संसाधनों के संतुलित उपयोग के संबंध में भी जानकारी दी गई। शिक्षकों ने बताया कि वृक्ष न केवल ऑक्सीजन प्रदान करते हैं, बल्कि भूमि संरक्षण, वर्षा चक्र के संतुलन, प्रदूषण नियंत्रण तथा वन्य जीवों के संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसलिए प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वह पर्यावरण संरक्षण के इस अभियान में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करे।

विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल, किरंदुल में समय-समय पर पर्यावरण जागरूकता, स्वच्छता, जल संरक्षण एवं सामाजिक उत्तरदायित्व से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, ताकि विद्यार्थियों में सामाजिक एवं नैतिक मूल्यों का विकास हो सके और वे एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में समाज एवं राष्ट्र के निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें।

कार्यक्रम का समापन सभी उपस्थित विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं स्काउट्स-गाइड्स सदस्यों द्वारा हरित एवं स्वच्छ पर्यावरण के निर्माण, लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल तथा अधिक से अधिक लोगों को वृक्षारोपण के लिए प्रेरित करने की सामूहिक शपथ के साथ हुआ। विद्यालय परिसर में लगाए गए पौधे आने वाले वर्षों में हरियाली के प्रतीक बनेंगे और पर्यावरण संरक्षण के इस संदेश को निरंतर आगे बढ़ाते रहेंगे।

- Advertisement -spot_img

More articles

- Advertisement -spot_img

Latest article