विकसित भारत’ के सपने को साकार करने का अवसर है बिल्डाथॉन : सांसद
रायपुर/छत्तीसगढ़ _10 अक्टूबर 2025
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने ‘विकसित भारत बिल्डाथॉन 2025’ के सफल आयोजन को लेकर रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल को पत्र लिखा है। उन्होंने सांसद से इस राष्ट्रीय अभियान के मार्गदर्शन और सहयोग की अपेक्षा जताते हुए कहा कि विद्यार्थियों की सृजनशीलता ही भारत के विकास की नई कहानी लिखेगी।
‘विकसित भारत बिल्डाथॉन 2025’ शिक्षा मंत्रालय और नीति आयोग के एटल इनोवेशन मिशन की संयुक्त पहल है। इसका उद्देश्य छात्रों में नवाचार, आत्मनिर्भरता और रचनात्मक सोच को बढ़ावा देना है। 13 अक्टूबर को सुबह 10 से दोपहर 12 तक देशभर के विद्यालयों में यह आयोजन एक साथ होगा, जिसमें कक्षा 6 से 12 तक के विद्यार्थी “आत्मनिर्भर भारत, वोकल फॉर लोकल, स्वदेशी और समृद्ध भारत” जैसे विषयों पर अपने नवाचार प्रस्तुत करेंगे।
सांसद बृजमोहन अग्रवाल स्वयं भी रायपुर के एक विद्यालय में विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करेंगे। उन्होंने जिले के सभी विद्यालयों, शिक्षकों और अभिभावकों से इसमें भाग लेने की अपील की। सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत 2047’ के विज़न को साकार करने की दिशा में यह अभियान एक ऐतिहासिक अवसर है।
अग्रवाल ने कहा कि नई पीढ़ी में भारत को विश्व गुरु बनाने की क्षमता है। उन्होंने युवाओं से नवाचार की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया और कहा कि हमें नौकरी खोजने वालों की नहीं, समाधान देने वाले नागरिकों की आवश्यकता है। इस आयोजन में प्रतिभागी छात्रों के लिए कुल 1 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि रखी गई है। अधिक जानकारी और पंजीकरण के लिए आधिकारिक पोर्टल http://vbb.mic.gov.in पर विवरण उपलब्ध है।


