रायपुर, 12 अक्टूबर 2025 (छत्तीसगढ़ जनसंपर्क)
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में मंत्रालय (महानदी भवन) में कलेक्टर कॉन्फ्रेंस जारी है। बैठक में मुख्य सचिव, विभागीय सचिव, संभागायुक्त और सभी जिलों के कलेक्टर शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रशासन का लक्ष्य सुशासन, पारदर्शिता और जनहित योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन होना चाहिए ताकि जनता को योजनाओं का लाभ समयबद्ध और सरल तरीके से मिल सके।
उन्होंने निर्देश दिए कि 15 नवंबर से शुरू होने वाली धान खरीदी के लिए सभी जिले पूरी तैयारी करें। किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित कलेक्टर जिम्मेदार होंगे। प्रभारी सचिवों को धान खरीदी की पैनी निगरानी और संवेदनशील केंद्रों पर गहन चौकसी रखने के निर्देश दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने सीमावर्ती और पिछड़ी जनजाति क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने को कहा। किसानों के शत-प्रतिशत पंजीयन के लिए विशेष शिविर आयोजित करने और प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना में कोई पात्र किसान न छूटे, यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने बस्तर और सरगुजा संभाग में संवेदनशीलता के साथ काम कर योजनाओं का लाभ हर नागरिक तक पहुंचाने पर जोर दिया। बैठक में सुशासन और प्रशासनिक पारदर्शिता को मजबूत करने के लिए प्रमुख दिशा-निर्देश तय किए जा रहे हैं।


