रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मंगलवार, 24 नवंबर को दुर्ग जिले के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे रिसाली, भिलाई और खुर्सीपार में आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होकर विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण करेंगे। उनके दौरे का एक प्रमुख कार्यक्रम भिलाई के सेक्टर-6 में साइबर थाने का उद्घाटन भी है।मुख्यमंत्री सचिवालय की ओर से जारी कार्यक्रम के मुताबिक, विष्णुदेव साय सुबह रायपुर से भिलाई के लिए रवाना होंगे। दुर्ग जिले में उनका पहला प्रमुख कार्यक्रम रिसाली के मरोदा स्थित वार्ड क्रमांक 18 के दुर्गा मंदिर मंच पर होगा। यहां वे स्थानीय विकास कार्यों की शुरुआत करेंगे और पूर्ण हो चुके कार्यों का लोकार्पण करेंगे।
सेक्टर-6 में साइबर थाने का करेंगे उद्घाटन
रिसाली के कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री भिलाई के सेक्टर-6 पहुंचेंगे। यहां वे नए साइबर थाने का लोकार्पण करेंगे। साइबर अपराध, ऑनलाइन ठगी और डिजिटल माध्यमों से होने वाले अपराधों की शिकायतों की जांच के लिहाज से इस थाने को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।इस दौरान मुख्यमंत्री सेक्टर-6 स्थित गुरुद्वारा श्री सिंहसभा भी जाएंगे। इसके अलावा सेक्टर-2 में भी उनका कार्यक्रम प्रस्तावित है।
खुर्सीपार और भिलाई-3 में विकास कार्यों की सौगात
दोपहर में मुख्यमंत्री खुर्सीपार के आईटीआई मैदान में आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। यहां विभिन्न विकास परियोजनाओं का भूमिपूजन और लोकार्पण किया जाएगा।इसके बाद वे भिलाई-3 स्थित मंगल भवन पहुंचेंगे। यहां भी कई विकास कार्यों की शुरुआत और पूर्ण परियोजनाओं का लोकार्पण निर्धारित है।
गुरु नानक देव जयंती पर नगर कीर्तन में होंगे शामिल
दुर्ग जिले के कार्यक्रम पूरे करने के बाद मुख्यमंत्री शाम को रायपुर लौटेंगे। यहां गुरु नानक देव जयंती के अवसर पर खालसा स्कूल परिसर में आयोजित गुरु पर्व कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस आयोजन में नगर कीर्तन और शोभायात्रा भी निकाली जाएगी।मुख्यमंत्री के आज के दौरे में विकास परियोजनाओं के साथ साइबर थाने का उद्घाटन और धार्मिक आयोजनों में सहभागिता प्रमुख रूप से शामिल है। मुख्यमंत्री सचिवालय ने उनके दिनभर के कार्यक्रमों की समय-सारणी जारी की है।
