रायपुर/कबीरधाम, 30 दिसंबर 2025।
छत्तीसगढ़ के पर्यटन विकास को नई ऊंचाई देने वाली बहुप्रतीक्षित भोरमदेव पर्यटन कॉरिडोर परियोजना का भूमिपूजन 01 जनवरी 2026 को किया जाएगा। लगभग 146 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली इस महत्वाकांक्षी परियोजना का भूमिपूजन केंद्रीय पर्यटन मंत्री श्री गजेंद्र सिंह शेखावत एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के करकमलों से संपन्न होगा। यह परियोजना उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा की पहल पर साकार हो रही है।
भूमिपूजन कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने भोरमदेव मंदिर परिसर स्थित कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं की विस्तार से जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने मुख्य मंच, जनसमुदाय के लिए बैठक व्यवस्था, सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, पेयजल सहित सभी आवश्यक प्रबंध समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष श्री ईश्वरी साहू, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री कैलाश चंद्रवंशी, सभापति डॉ. वीरेंद्र साहू, कलेक्टर श्री गोपाल वर्मा, एएसपी श्री पुष्पेंद्र सिंह बघेल, एडीएम श्री विनय पोयाम सहित अन्य जनप्रतिनिधि व अधिकारी उपस्थित रहे।
भोरमदेव मंदिर परिसर अपनी प्राचीन स्थापत्य कला और धार्मिक महत्व के लिए देश-भर में प्रसिद्ध है। पर्यटन कॉरिडोर के निर्माण से यहां आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। परियोजना के अंतर्गत सड़क, पार्किंग, व्यू-प्वाइंट, पर्यटक सुविधा केंद्र, सौंदर्यीकरण एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं का विकास किया जाएगा।
इस कॉरिडोर से न केवल पर्यटकों की संख्या में वृद्धि होगी, बल्कि स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। राज्य सरकार का लक्ष्य प्रमुख पर्यटन स्थलों को आधुनिक सुविधाओं से जोड़कर उन्हें राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय पहचान दिलाना है। भोरमदेव पर्यटन कॉरिडोर इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।


