30.1 C
Raipur
Monday, September 14, 2026

कोटवारी भूमि बिक्री मामले में आशीष छाबड़ा ने राज्यपाल को सौंपा ज्ञापन

Must read

बेमेतरा– 14 सितंबर 2026

जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष और पूर्व विधायक आशीष छाबड़ा ने बेमेतरा में कोटवारी/सेवा भूमि के कथित विक्रय का मामला राज्यपाल रमेन डेका के सामने उठाया है। उन्होंने सर्किट हाउस में राज्यपाल से मुलाकात कर इस मामले की जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में आशीष छाबड़ा ने बताया कि बेमेतरा जिला मुख्यालय के पटवारी हल्का नंबर 27, कोबिया में स्थित कोटवारी/सेवा भूमि के विक्रय का मामला सामने आया है। उनका आरोप है कि पूर्व में यह भूमि संतू दास मानिकपुरी के नाम दर्ज थी, जिसका बाद में नामांतरण/फौती उनके पोते प्रदीप कुमार मानिकपुरी के नाम कर दिया गया।
पूर्व विधायक ने सवाल उठाया कि यदि संबंधित भूमि कोटवारी सेवा भूमि है तो उसका इस तरह फौती नामांतरण कैसे किया गया। उनका आरोप है कि भूमि को बेचने का रास्ता तैयार करने के लिए यह प्रक्रिया अपनाई गई।

कोटवारी भूमि की बिक्री की जांच की मांग

आशीष छाबड़ा ने राज्यपाल से मांग की कि कोबिया सहित बेमेतरा जिले के अन्य गांवों में कोटवारी या सेवा भूमि की बिक्री और रजिस्ट्री के मामलों की जांच कराई जाए। उन्होंने कहा कि ऐसी जमीनों को कथित रूप से अवैध तरीके से बेचने और रजिस्ट्री किए जाने की शिकायतें लगातार मिल रही हैं।
उन्होंने संबंधित पटवारियों और अन्य जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका की भी जांच कराने तथा दोषी पाए जाने पर कार्रवाई की मांग की है।

कोबिया में कोटवार व्यवस्था खत्म होने के बाद जमीन बेचने का आरोप

पूर्व विधायक ने कहा कि कोबिया अब बेमेतरा नगर पालिका का हिस्सा है और यहां कोटवार नियुक्त करने की पुरानी व्यवस्था समाप्त हो चुकी है। उनका आरोप है कि इसके बावजूद पहले कोटवार को दी गई सेवा भूमि को बेच दिया गया।

उन्होंने इस मामले में तत्कालीन राजस्व अधिकारियों की भूमिका पर भी सवाल उठाते हुए जांच की मांग की है।

आशीष छाबड़ा का कहना है कि यह मामला केवल कोबिया तक सीमित नहीं है। जिले के दूसरे गांवों से भी इसी तरह की शिकायतें सामने आ रही हैं। इसलिए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर यह पता लगाया जाना जरूरी है कि कोटवारी/सेवा भूमि की बिक्री में नियमों का उल्लंघन हुआ है या नहीं और यदि हुआ है तो इसके लिए कौन जिम्मेदार है।

- Advertisement -spot_img

More articles

- Advertisement -spot_img

Latest article