36.3 C
Raipur
Saturday, March 7, 2026

बावामोहतरा में केंद्रीय विद्यालय संचालन को लेकर सर्वपक्षीय बैठक सम्पन्न, ग्रामीणों ने दिया पूर्ण सहयोग का भरोसा

Must read

Janchoupal36.com

बेमेतरा, 9 जुलाई 2025:
कलेक्टर रणबीर शर्मा के निर्देश पर ग्राम पंचायत भवन, बावामोहतरा में बुधवार को केंद्रीय विद्यालय के सुचारू संचालन हेतु एक महत्वपूर्ण सर्वपक्षीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में एसडीएम बेमेतरा श्री प्रकाश भारद्वाज, तहसीलदार, जिला शिक्षा अधिकारी, बीईओ, विद्यालय प्राचार्य, पंचायत प्रतिनिधि, शाला प्रबंधन समिति के सदस्य एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।
बैठक में ग्रामवासियों ने स्पष्ट रूप से आश्वासन दिया कि भविष्य में विद्यालय संचालन में किसी प्रकार का धरना, चक्काजाम या विरोध प्रदर्शन नहीं किया जाएगा। ग्रामीणों और पंचायत प्रतिनिधियों ने विद्यालय के शांतिपूर्ण संचालन में पूर्ण सहयोग देने की प्रतिबद्धता जताई।
बैठक के प्रमुख बिंदु एवं निर्णय:
🔹 विद्यालय भवन और कक्ष निर्माण पर सहमति:
ग्राम के शासकीय विद्यालय भवन में केंद्रीय विद्यालय के अस्थायी संचालन पर सहमति बनी। पंचायत द्वारा आगामी 4 माह में 6 अतिरिक्त कक्षों का निर्माण पूरा करने का वादा किया गया। प्रशासन द्वारा 5 कक्षों के निर्माण हेतु स्वीकृति प्रदान की गई है, जो जिला खनिज न्यास निधि से पूर्ण किए जाएंगे।
🔹 पूर्व घटनाओं पर स्पष्टीकरण:
ग्रामवासियों ने बताया कि पूर्व में हुई घटनाओं का उद्देश्य केवल समस्याओं को उजागर करना था, न कि कानून व्यवस्था भंग करना। उन्होंने आपराधिक मामलों की वापसी का आग्रह किया, जिस पर एसडीएम ने पुलिस अधीक्षक से समन्वय कर न्यायोचित कार्यवाही का भरोसा दिलाया।
🔹 विद्यालय संचालन की समय-सारणी:
जिला शिक्षा अधिकारी एवं विद्यालय प्राचार्य द्वारा विद्यालय संचालन की समय-सारणी और बैठकों की रूपरेखा प्रस्तुत की गई, जिसे ग्रामीणों और शाला प्रबंधन समिति ने सर्वसम्मति से स्वीकार किया।
🔹 आरटीई अधिनियम की जानकारी से संतोष:
एसडीएम ने ग्रामीणों को आरटीई (निःशुल्क एवं अनिवार्य शिक्षा अधिकार) अधिनियम के अंतर्गत मिलने वाले लाभों की जानकारी दी, जिससे ग्रामीण संतुष्ट नजर आए और विद्यालय संचालन को लेकर सकारात्मक वातावरण बना।
🔹 ट्रांसफार्मर स्थानांतरण को स्वीकृति:
विद्यालय परिसर में स्थित ट्रांसफार्मर को स्थानांतरित करने की वर्षों पुरानी मांग को प्रशासन ने स्वीकार करते हुए आवश्यक स्वीकृति प्रदान की।
🔹 पंचायत कैशबुक और चार्ज रजिस्टर विवाद पर निर्देश:
ग्राम पंचायत द्वारा कैशबुक एवं चार्ज रजिस्टर के हस्तांतरण की शिकायत पर एसडीएम ने तत्काल जनपद सीईओ को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
यह बैठक पूर्णतः शांतिपूर्ण और सौहार्द्रपूर्ण माहौल में सम्पन्न हुई। सभी उपस्थित पक्षों ने संवाद और सहयोग की भावना के साथ केंद्रीय विद्यालय के सफल संचालन हेतु एकजुटता और सकारात्मक भूमिका निभाने का संकल्प दोहराया।


- Advertisement -spot_img

More articles

- Advertisement -spot_img

Latest article