उप मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री ने शिक्षकों-विद्यार्थियों को किया सम्मानित
छत्तीसगढ़/बेमेतरा, 6 सितम्बर।
शिक्षक दिवस के उपलक्ष्य में शनिवार को जिला मुख्यालय के कृषि उपज मंडी परिसर में 40वां शिक्षक सम्मान समारोह भव्यता के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव और शिक्षा मंत्री श्री गजेन्द्र यादव रहे। आयोजन में जिले के 150 शिक्षकों और 88 विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।
150 शिक्षक सम्मानित, 88 विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक
समारोह की शुरुआत मां सरस्वती और डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन से हुई।
जिले के 150 उत्कृष्ट शिक्षकों को प्रशस्ति पत्र व श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। साथ ही विभिन्न परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 88 प्रतिभावान विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक और प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
2023-24 और 2024-25 में सेवानिवृत्त हुए शिक्षकों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर “शिक्षक दिवस” पत्रिका का विमोचन भी किया गया।
“शिक्षक समाज की आत्मा होते हैं” – उप मुख्यमंत्री
उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षक समाज की आत्मा होते हैं। उन्होंने कहा कि यदि भारत को फिर से विश्वगुरु बनना है, तो इसकी नींव हमारे शिक्षक ही रखेंगे।
उन्होंने कहा कि नई शिक्षा नीति देश को सशक्त बनाएगी और आने वाली पीढ़ियों को आधुनिक विज्ञान व भारतीय संस्कृति से जोड़ने का कार्य करेगी।
उप मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर बेमेतरा पीजी कॉलेज परिसर में 3 करोड़ रुपये की लागत से ऑडिटोरियम निर्माण की घोषणा की।
“शिक्षक दीपस्तंभ हैं” – शिक्षा मंत्री
शिक्षा मंत्री श्री गजेन्द्र यादव ने कहा कि बेमेतरा का शिक्षक सम्मान समारोह पूरे प्रदेश में अद्वितीय है। उन्होंने कहा कि शिक्षक केवल ज्ञान का संचरण नहीं करते, बल्कि समाज का मार्गदर्शन करते हैं।
उन्होंने जिले के तीन प्रमुख शैक्षणिक संस्थानों—शासकीय बालक हायर सेकंडरी स्कूल, स्वामी आत्मानंद हिंदी माध्यम विद्यालय, एवं पीएम श्री उत्तर बुनियादी शाला—के लिए नए भवनों की घोषणा की।
“बेमेतरा शिक्षा की भूमि है” – विधायक साहू
विधायक दीपेश साहू ने कहा कि बेमेतरा शिक्षा और संस्कार की भूमि रही है। उन्होंने समारोह को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि इससे जिले में शिक्षा के प्रति सकारात्मक माहौल तैयार हुआ है।
उन्होंने समारोह में पीजी कॉलेज परिसर में ऑडिटोरियम निर्माण की मांग की, जिस पर उप मुख्यमंत्री ने तुरंत स्वीकृति दी।
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की उपस्थिति
समारोह में कलेक्टर रणबीर शर्मा, एसएसपी रामकृष्ण साहू, नगर पालिका अध्यक्ष विजय सिन्हा सहित भाजपा पदाधिकारी, शिक्षक समिति सदस्य एवं बड़ी संख्या में शिक्षक व नागरिक उपस्थित रहे।


