GST कम होने से ग्राहकों को हुआ ₹1 लाख तक का फायदा: सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने GST बचत उत्सव के तहत किया बाज़ार का निरीक्षण
रायपुर/छत्तीसगढ़ /26 सितंबर 2025:
रायपुर के सांसद और वरिष्ठ भाजपा नेता श्री बृजमोहन अग्रवाल ने शुक्रवार को GST बचत उत्सव के तहत राजधानी रायपुर के कटोरा तालाब और धमतरी रोड देवपुरी क्षेत्र में कई प्रतिष्ठानों का दौरा किया।
इस दौरे के दौरान, उन्होंने दवाई की दुकानों, शॉपिंग मॉल, मोबाइल शोरूम, इलेक्ट्रॉनिक एंड इलेक्ट्रिकल्स, दोपहिया वाहन शोरूम और कार शोरूम का भ्रमण किया और दुकानदारों व ग्राहकों से मुलाकात की। उन्होंने खरीदारों को स्वदेशी उत्पादों के उपयोग के लिए प्रेरित किया और व्यापारियों से कर प्रणाली में पारदर्शिता बनाए रखने की अपील की।
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने खरीददारों से भी बातचीत की, जिसमें उन्हें GST में कटौती से हुए लाभ की जानकारी मिली।
स्कूटर लेने पहुंचे एक दंपत्ति ने बताया कि GST कम होने से उन्हें 10 हजार रुपये का फायदा हुआ है। वहीं, नवरात्रि पर कार खरीदने आए एक परिवार ने GST कम करने के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें करीब 1 लाख रुपये की बचत हुई है।
इस अवसर पर सांसद श्री अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में देश की अर्थव्यवस्था मजबूत हो रही है और GST बचत उत्सव से उपभोक्ताओं को लाभ के साथ-साथ व्यापारियों को भी प्रोत्साहन मिल रहा है। उन्होंने स्थानीय व्यापारियों को आश्वस्त किया कि भाजपा सरकार हमेशा व्यापारियों और उपभोक्ताओं के हित में काम करती रहेगी।


