वनवासियों के जीवन में बदलाव की पहल और स्थानीय उत्पादों की महक के साथ ,तीन दिवसीय आकांक्षा हाट बाजार कवर्धा।
कवर्धा। कवर्धा के इनडोर स्टेडियम, पीजी कॉलेज ग्राउंड में रविवार को तीन दिवसीय आकांक्षा हाट मेले का भव्य शुभारंभ प्रदेश के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा और पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने दीप प्रज्वलन कर किया। इस अवसर पर साजा विधायक ईश्वर साहू भी मौजूद रहे।
वनवासियों के जीवन में बदलाव की पहल
डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने कहा कि यह मेला जनजातीय क्षेत्रों के विकास और पहचान को नई दिशा देगा। “वनवासियों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना ही हमारी प्राथमिकता है। आकांक्षा हाट, न केवल उत्पादों का मंच है बल्कि यह वनवासी जीवनस्तर में सुधार और आत्मनिर्भरता का प्रतीक बनेगा।”
उन्होंने संपूर्णता अभियान के तहत उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों और फ्रंटलाइन वर्करों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। शर्मा ने कहा कि विकास केवल सड़क, बिजली, पानी तक सीमित नहीं है, बल्कि पोषण, शिक्षा, स्वास्थ्य और स्वच्छता जैसे क्षेत्रों में भी ठोस सुधार आवश्यक है।
कबीरधाम जिले को संपूर्णता अभियान में कांस्य पदक मिलने पर उपमुख्यमंत्री और जनप्रतिनिधियों ने स्टॉल का अवलोकन किया और प्रदर्शकों का उत्साह बढ़ाया।
स्थानीय उत्पादों की महक
3 से 5 अगस्त तक आयोजित इस मेले में स्व-सहायता समूहों द्वारा स्थानीय संसाधनों से निर्मित उत्पादों की प्रदर्शनी और बिक्री की जा रही है। इसमें हस्तशिल्प, पारंपरिक खाद्य सामग्री और बांस से बने शिल्प उत्पाद खास आकर्षण हैं।
डिप्टी सीएम ने मीडिया से कहा —
“प्रधानमंत्री जन मन योजना के माध्यम से विशेष पिछड़ी जनजातियों को पेयजल, आवास, सड़क, बिजली, परिवहन, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।”
कार्यक्रम में अव्यवस्था, विधायक ने जताई नाराजगी
हालांकि, कार्यक्रम के शुभारंभ में अव्यवस्था भी चर्चा में रही। दोपहर करीब 1 बजे जब विधायक भावना बोहरा मेले में पहुंचीं, तो उन्होंने मंच और व्यवस्था की बदहाली देख नाराजगी जाहिर की। मौके पर जिम्मेदार अधिकारी न मिलने पर उन्होंने माइक से ही फटकार लगाते हुए कहा —
“सरकार की अच्छी योजनाओं को अधिकारी मजाक बना रहे हैं।”


