28.1 C
Raipur
Wednesday, September 23, 2026

छत्तीसगढ़ में बारिश का दौर फिर होगा तेज, कई जिलों में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट

Must read

 रायपुर: छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलने लगा है. राजधानी रायपुर में मंगलवार रात मौसम में बदलाव तो हुआ, लेकिन उमस और गर्मी से लोगों को पूरी राहत नहीं मिल सकी. दूसरी ओर दक्षिण छत्तीसगढ़ में बारिश की गतिविधियां बनी हुई हैं. जगदलपुर और आसपास के क्षेत्रों में बारिश के असर से तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से नीचे बना हुआ है.मौसम विभाग ने बुधवार को प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश की संभावना जताई है. कुछ इलाकों में भारी से अत्यंत भारी बारिश के साथ तेज हवाएं और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी भी जारी की गई है.

बंगाल की खाड़ी का सिस्टम छत्तीसगढ़ में बढ़ाएगा बारिश की गतिविधियां

बंगाल की खाड़ी में बना डिप्रेशन लगातार पश्चिम की ओर बढ़ रहा है. मौसम विभाग के अनुसार 22 सितंबर को सुबह 11.30 बजे यह सिस्टम पश्चिम मध्य और उससे लगे उत्तर पश्चिम बंगाल की खाड़ी में 17.9 डिग्री उत्तर अक्षांश और 85.8 डिग्री पूर्व देशांतर के आसपास स्थित था.पिछले छह घंटों के दौरान यह करीब 8 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से पश्चिम दिशा में आगे बढ़ा. इसके पश्चिम उत्तर पश्चिम दिशा में बढ़ने और 23 सितंबर की रात तक विशाखापत्तनम और गोपालपुर के बीच उत्तरी आंध्र प्रदेश तथा दक्षिणी ओडिशा तट को पार करने की संभावना जताई गई है.इस मौसम प्रणाली का प्रभाव छत्तीसगढ़ में भी देखने को मिल सकता है. दक्षिणी हिस्सों में आज और कल कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है.

50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं

बुधवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. वहीं कुछ इलाकों में भारी से अत्यंत भारी बारिश का दौर भी देखने को मिल सकता है.बारिश के साथ गरज चमक और 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका है. मौसम विभाग ने लोगों को आकाशीय बिजली के दौरान विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है.

पिछले 24 घंटे में कहां हुई सबसे ज्यादा बारिश

पिछले 24 घंटों के दौरान छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई. राजनांदगांव में प्रदेश का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 33.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जबकि पेण्ड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 21.2 डिग्री सेल्सियस रहा.बारिश के आंकड़ों की बात करें तो कवर्धा में 4 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई. राजपुर और कोटा में 3 सेंटीमीटर, जबकि चांदो, भैयाथान, मरवाही और दर्री में 2 सेंटीमीटर बारिश हुई. जांजगीर, लोरमी, कोरबा और अजगरबहार में 1 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई.

रायपुर में बादल छाए रहेंगे, गरज चमक के साथ हो सकती है बौछार

राजधानी रायपुर में 23 सितंबर को मौसम आंशिक रूप से बादलयुक्त रहने का अनुमान है. शहर में एक से दो बार बारिश या गरज चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं.रायपुर में अधिकतम तापमान करीब 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है. बारिश होने के बावजूद उमस से पूरी तरह राहत मिलने को लेकर स्थिति मौसम की गतिविधियों पर निर्भर रहेगी.

इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट, कई इलाकों के लिए यलो अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने दक्षिण छत्तीसगढ़ के कई जिलों में तेज हवा, बारिश और आकाशीय बिजली को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. सुकमा, बीजापुर, दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा, बस्तर और कोंडागांव में मौसम ज्यादा सक्रिय रहने की चेतावनी है.इसके अलावा सुकमा, बीजापुर, दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदा बाजार, जांजगीर चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, दुर्ग और बेमेतरा के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है.मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए बारिश और आकाशीय बिजली के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचना और तेज हवा के दौरान पेड़ तथा कमजोर ढांचों से दूरी बनाए रखना जरूरी होगा.

- Advertisement -spot_img

More articles

- Advertisement -spot_img

Latest article