28.1 C
Raipur
Sunday, September 20, 2026

LPG Cylinder: 1 अक्टूबर से गैस सिलेंडर पर बदलेगा जरूरी नियम, सब्सिडी चाहिए तो कराना होगा Biometric Aadhaar Authentication

Must read

 नई दिल्ली। देशभर के घरेलू LPG उपभोक्ताओं के लिए 1 अक्टूबर 2026 से एक अहम बदलाव लागू होने जा रहा है। पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय के मुताबिक, सब्सिडी के साथ नियंत्रित खुदरा कीमत पर LPG रिफिल बुक कराने के लिए Biometric Aadhaar Authentication यानी BAA पूरा होना जरूरी होगा। सरकार के अनुसार, जिन 27.43 करोड़ उपभोक्ताओं का यह सत्यापन पहले ही हो चुका है, उन्हें दोबारा प्रक्रिया कराने की जरूरत नहीं होगी।

1 अक्टूबर से क्या बदलेगा?

1 अक्टूबर 2026 से जिन घरेलू LPG ग्राहकों ने Biometric Aadhaar Authentication पूरा नहीं किया है, उनके लिए सब्सिडी वाले रिफिल की बुकिंग तब तक सक्षम नहीं होगी, जब तक सत्यापन पूरा नहीं किया जाता। सरकार ने इसके लिए पहले 30 जून की समय सीमा तय की थी, जिसे कई बार बढ़ाया गया। अंतिम समय सीमा 14 सितंबर 2026 रखी गई थी।सरकार का कहना है कि इस प्रक्रिया का उद्देश्य सब्सिडी वाले LPG सिलेंडर का लाभ वास्तविक और पात्र उपभोक्ताओं तक पहुंचाना तथा डुप्लीकेट या अपात्र कनेक्शनों पर रोक लगाना है।

आधार वेरिफिकेशन नहीं कराया तो क्या सिलेंडर मिलना बंद हो जाएगा?

ऐसा नहीं है कि आधार सत्यापन पूरा नहीं होने पर ग्राहक को LPG सिलेंडर बिल्कुल नहीं मिलेगा। पेट्रोलियम मंत्रालय के अनुसार, जो उपभोक्ता Biometric Aadhaar Authentication नहीं कराना चाहते या किसी कारण से इसे पूरा नहीं कर पा रहे हैं, वे OMC के डिजिटल माध्यमों से अपनी पसंद दर्ज करा सकते हैं। ऐसे ग्राहकों को स्थानीय उपलब्धता के आधार पर 5 किलो या 10 किलो का सिलेंडर बाजार कीमत पर, बिना सब्सिडी के उपलब्ध कराया जा सकता है।

घर बैठे कैसे पूरा होगा Aadhaar Authentication?

इसके लिए हर बार गैस एजेंसी जाने की जरूरत नहीं है। उपभोक्ता अपने LPG कनेक्शन से जुड़ी ऑयल मार्केटिंग कंपनी के मोबाइल ऐप के जरिए घर से प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।

  • Indane ग्राहक: IndianOil ONE ऐप
  • Bharatgas ग्राहक: HelloBPCL ऐप
  • HP Gas ग्राहक: HP PAY ऐप

इसके अलावा LPG सिलेंडर की डिलीवरी के समय डिलीवरी कर्मचारी के मोबाइल ऐप के जरिए मौके पर ही Biometric Aadhaar Authentication कराया जा सकता है। ग्राहक अपने LPG वितरक के शोरूम पर जाकर भी यह प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।

करोड़ों ग्राहकों का वेरिफिकेशन पूरा

पेट्रोलियम मंत्रालय के 19 सितंबर 2026 के आंकड़ों के मुताबिक, देश के 27.43 करोड़ यानी करीब 89.9 प्रतिशत सक्रिय घरेलू LPG उपभोक्ताओं का Biometric Aadhaar Authentication पूरा हो चुका है। जिन ग्राहकों का सत्यापन हो चुका है, उनके लिए 1 अक्टूबर से दोबारा कोई प्रक्रिया जरूरी नहीं होगी।

सब्सिडी लेने वालों के लिए क्यों जरूरी है यह प्रक्रिया?

Biometric Aadhaar Authentication के जरिए LPG कनेक्शन को वास्तविक उपभोक्ता से जोड़ने की कोशिश की जा रही है। मंत्रालय के अनुसार, इससे सब्सिडी का लक्षित वितरण बेहतर करने, डुप्लीकेट या अपात्र कनेक्शनों की पहचान करने और सब्सिडी वाले घरेलू LPG के गलत इस्तेमाल को रोकने में मदद मिलेगी।इसलिए अगर आपने अभी तक Biometric Aadhaar Authentication पूरा नहीं किया है, तो 1 अक्टूबर से पहले अपने LPG कनेक्शन की स्थिति जरूर जांच लें और उपलब्ध माध्यमों में से किसी एक के जरिए सत्यापन पूरा कर लें।

- Advertisement -spot_img

More articles

- Advertisement -spot_img

Latest article