30.1 C
Raipur
Sunday, September 20, 2026

बीएसपी टाउनशिप के 33 हजार से ज्यादा आवास, फिर भी विभाग के पास नहीं है यह जरूरी रिकॉर्ड

Must read

 भिलाईनगर। भिलाई इस्पात संयंत्र की टाउनशिप में हजारों आवास हैं, लेकिन इन आवासों को लेकर नगर सेवाएं विभाग के पास जरूरी बुनियादी जानकारी उपलब्ध नहीं है। सूचना के अधिकार के तहत मांगी गई जानकारी में विभाग ने बताया कि टाउनशिप में कुल 33,327 आवास हैं, लेकिन इनमें कितने आवासों में अधिकारी और कर्मचारी रह रहे हैं, इसका रिकॉर्ड उसके पास उपलब्ध नहीं है। इतना ही नहीं, रहने योग्य कितने आवास खाली हैं, इसकी जानकारी भी विभाग ने उपलब्ध नहीं होने की बात कही है।

आरटीआई में तीन सवाल, दो के जवाब में विभाग ने जताई अनभिज्ञता

सेक्टर 10 की पूर्व पार्षद उपासना साहू ने नगर सेवाएं विभाग से सूचना के अधिकार के तहत टाउनशिप के आवासों से जुड़ी जानकारी मांगी थी। उन्होंने कुल तीन सवाल पूछे थे। इनमें टाउनशिप में मौजूद कुल आवासों की संख्या, आवासों में रहने वाले अधिकारी और कर्मचारियों की संख्या तथा अधिकारी कर्मचारी वर्ग के रहने योग्य खाली आवासों की जानकारी मांगी गई थी।विभाग ने पहले सवाल का जवाब देते हुए टाउनशिप में कुल 33,327 आवास होने की जानकारी दी। लेकिन बाकी दोनों सवालों पर विभाग ने कहा कि अधिकारी और कर्मचारियों के निवासरत होने की जानकारी उपलब्ध नहीं है। इसी तरह अधिकारी कर्मचारी वर्ग के रहने योग्य खाली आवासों का रिकॉर्ड भी उपलब्ध नहीं होने की बात कही गई।

आवास आवंटन व्यवस्था पर उठ रहे सवाल

आरटीआई के जवाब ने बीएसपी टाउनशिप में आवास आवंटन और रिकॉर्ड प्रबंधन को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। जब टाउनशिप में आवासों की कुल संख्या का रिकॉर्ड उपलब्ध है, तो उनमें से कितने आवास आवंटित हैं, कितने में अधिकारी रह रहे हैं और कितने कर्मचारियों के पास हैं, इसकी जानकारी विभाग के पास क्यों नहीं है, यह सवाल अब चर्चा का विषय बन गया है।इसी तरह रहने योग्य खाली आवासों की संख्या का रिकॉर्ड नहीं होना भी आवास प्रबंधन की स्थिति पर सवाल उठाता है। इससे यह जानना मुश्किल हो जाता है कि टाउनशिप में कितने आवास वास्तव में उपयोग में हैं और कितने आवास खाली होने के बावजूद आवंटन की प्रतीक्षा में हैं।

आरटीआई के जवाब को लेकर पहले भी उठते रहे हैं सवाल

बीएसपी से सूचना के अधिकार के तहत जानकारी हासिल करने को लेकर पहले भी शिकायतें सामने आती रही हैं। आरोप लगाए जाते रहे हैं कि कई मामलों में मांगी गई जानकारी पूरी तरह उपलब्ध नहीं कराई जाती या जवाब अधूरा रहता है। आवासों से संबंधित इस आरटीआई में विभाग द्वारा दो अहम जानकारियां उपलब्ध नहीं होने की बात कहे जाने के बाद एक बार फिर रिकॉर्ड प्रबंधन को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

तीन सवालों पर विभाग ने क्या बताया

  1. टाउनशिप में कुल कितने आवास हैं: 33,327 आवास।
  2. कितने आवासों में अधिकारी और कर्मचारी रह रहे हैं: इसकी जानकारी विभाग के पास उपलब्ध नहीं है।
  3. अधिकारी और कर्मचारी वर्ग के कितने रहने योग्य आवास खाली हैं: इसकी जानकारी भी विभाग के पास उपलब्ध नहीं है। 
- Advertisement -spot_img

More articles

- Advertisement -spot_img

Latest article