30.1 C
Raipur
Sunday, September 20, 2026

छत्तीसगढ़ में 8.23 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव, रोजगार के खुलेंगे नए रास्ते

Must read

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ की औद्योगिक नीति 2024-30 से प्रदेश में निवेश और रोजगार को नई गति देने का प्रयास किया जा रहा है। राज्य को अब तक 8 लाख 23 हजार करोड़ रुपए से अधिक के निवेश प्रस्ताव मिल चुके हैं। उन्होंने कहा कि इन प्रस्तावों के धरातल पर उतरने से औद्योगिक गतिविधियों के विस्तार के साथ रोजगार के नए अवसर तैयार होंगे।

मुख्यमंत्री ने अंबिकापुर में दो दिवसीय ‘अग्र महाकुंभ-2026’ का शुभारंभ करते हुए यह बात कही। उन्होंने अग्रवाल समाज की उद्यमिता, दानशीलता और समाजसेवा की परंपरा की सराहना की। उन्होंने कहा कि व्यापार के साथ उद्योग, रोजगार और जनसेवा के क्षेत्र में भी समाज का योगदान रहा है।

सीएम साय ने बताया कि युवाओं को उद्यमिता से जोड़ने के लिए ‘मुख्यमंत्री स्टार्टअप एवं निपुण मिशन’ को मंजूरी दी गई है। इसके लिए पांच वर्षों में 500 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। मिशन के तहत प्रदेश के सभी 33 जिलों में उद्यमिता विकास केंद्र, 100 इमर्जिंग टेक्नोलॉजी लैब और 5 इंडस्ट्री सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि औद्योगिक नीति में एमएसएमई, महिलाओं और विभिन्न वर्गों के लिए विशेष प्रावधान किए गए हैं। पर्यटन को उद्योग का दर्जा देने से होटल, होम-स्टे और पर्यटन सेवाओं में निवेश के अवसर बढ़ने की बात भी उन्होंने कही।

मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ निर्यात प्रोत्साहन नीति 2026-30 का उल्लेख करते हुए कहा कि इसका उद्देश्य स्थानीय उत्पादों और छोटे उद्योगों को देश-दुनिया के बाजारों से जोड़ना है। सरगुजा में पर्यटन, कृषि आधारित उद्योग और खाद्य प्रसंस्करण की संभावनाओं का भी उन्होंने जिक्र किया।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने ट्रेड फेयर का शुभारंभ किया और विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया। उन्होंने ‘अग्रकुल दर्शन’ पत्रिका का विमोचन किया। साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली प्रतिभाओं को ‘दशम अग्र अलंकरण’ से सम्मानित किया। कार्यक्रम में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल समेत जनप्रतिनिधि, समाजसेवी और अग्रवाल समाज के पदाधिकारी मौजूद रहे।

- Advertisement -spot_img

More articles

- Advertisement -spot_img

Latest article