बेमेतरा _ 17 सितंबर 2026 जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष एवं बेमेतरा के पूर्व विधायक आशीष छाबड़ा ने भाजपा सरकार पर सरकारी मशीनरी के कथित दुरुपयोग का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि पूरे छत्तीसगढ़, विशेषकर बेमेतरा जिले में प्रशासन का राजनीतिक आयोजनों के लिए इस्तेमाल किया जा रहा है। उनका आरोप है कि सभी विभागों के कर्मचारियों और स्कूलों के शिक्षकों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में लगाया जा रहा है।
आशीष छाबड़ा ने कहा कि भाजपा ‘सेवा संकल्प’ के नाम पर सरकारी कार्यालयों को पार्टी कार्यालय की तरह इस्तेमाल करने पर तुली हुई है। उन्होंने दावा किया कि कर्मचारी और शिक्षक इन आयोजनों को लेकर परेशान हैं। स्कूलों में दीप जलाने और विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि इन कार्यक्रमों में लगने वाले दीये, तेल और बाती का खर्च कौन उठाएगा? क्या भाजपा इसका खर्च वहन करेगी या फिर इसका भार सरकारी खजाने पर पड़ेगा?
पूर्व विधायक ने आरोप लगाया कि स्कूलों को भाजपा कार्यकर्ताओं की सूची भी दी गई है और प्रधान पाठकों तथा प्राचार्यों को कथित तौर पर निर्देशित किया गया है कि सूची में शामिल लोगों को स्कूल बुलाकर उनका सम्मान किया जाए तथा विद्यार्थियों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भाषण सुनाया जाए। छाबड़ा ने इसे सरकारी संस्थानों के राजनीतिक उपयोग का उदाहरण बताते हुए इस पर सवाल उठाए।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल और देश की अर्थव्यवस्था को लेकर भी कई आरोप लगाए। छाबड़ा ने कहा कि देश में बेरोजगारी, महंगाई और आर्थिक चुनौतियां जनता के सामने हैं, जबकि सरकार प्रचार के माध्यम से विकास की अलग तस्वीर पेश करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने रुपये की स्थिति और गरीबी से जुड़े आंकड़ों का उल्लेख करते हुए केंद्र सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए।


