जिला जेल बेमेतरा में 28 बंदियों को मशरूम उत्पादन का प्रशिक्षण
बेमेतरा, 7 अगस्त 2026
कृषि विज्ञान केंद्र, बेमेतरा द्वारा जिला जेल में बंदियों के कौशल विकास, स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के लिए 6 और 7 अगस्त को दो दिवसीय मशरूम उत्पादन प्रशिक्षण आयोजित किया गया। इसमें 28 बंदियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रशिक्षण का आयोजन कृषि विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख तोषण ठाकुर के मार्गदर्शन में किया गया। वैज्ञानिक डॉ. राजनी डी. अगाशे और डोमन सिंह टेकाम ने प्रशिक्षण दिया।
प्रशिक्षण के दौरान बंदियों को मशरूम उत्पादन के लिए आवश्यक सामग्री, सब्सट्रेट तैयार करने, स्पॉन, उत्पादन की विभिन्न अवस्थाओं, स्वच्छता, तापमान एवं नमी प्रबंधन, फसल की देखभाल और तुड़ाई की जानकारी दी गई। साथ ही मशरूम के विपणन और मूल्य संवर्धन से जुड़े विषयों पर भी प्रशिक्षण दिया गया। प्रतिभागियों को व्यावहारिक प्रदर्शन के माध्यम से उत्पादन की विभिन्न प्रक्रियाएं समझाई गईं।
वैज्ञानिकों ने बताया कि मशरूम उत्पादन कम लागत, कम स्थान और सीमित संसाधनों में स्वरोजगार का अच्छा माध्यम है। प्रशिक्षण का उद्देश्य बंदियों को ऐसा रोजगारपरक कौशल देना है, जिसे वे जेल से बाहर आने के बाद भी अपनाकर आजीविका का साधन बना सकें।
कार्यक्रम में जिला जेल अधीक्षक राहुल पाण्डेय सहित जेल अधिकारियों-कर्मचारियों तथा कृषि विज्ञान केंद्र की टीम का सहयोग रहा।
- Advertisement -
- Advertisement -