सड़क सुरक्षा समिति की बैठक: कलेक्टर ने दिए दुर्घटना रोकने के सख्त निर्देश
बेमेतरा- 21 मई 2026
सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में कलेक्टर ने कहा कि सड़क सुरक्षा किसी एक विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि सीधे नागरिकों के जीवन से जुड़ा विषय है, इसलिए सभी विभाग आपसी समन्वय से काम करें ताकि दुर्घटनाओं की संख्या न्यूनतम स्तर पर लाई जा सके। उन्होंने इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने की चेतावनी दी।
बैठक में कलेक्टर ने स्पष्ट रूप से कहा कि नाबालिग स्कूली बच्चे स्वयं वाहन चलाकर स्कूल न आएं, इस नियम का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए। जो निजी विद्यालय इस आदेश की अवहेलना करेंगे, उनके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही स्कूल-कॉलेजों में समय-समय पर जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।
दोपहिया वाहन चालकों के लिए हेलमेट और चारपहिया वाहन चालकों के लिए सीट बेल्ट पहनना अनिवार्य किया गया है, तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों पर जुर्माना लगाने के निर्देश दिए गए।
ब्लैक स्पॉट का चिन्हांकन:
लोक निर्माण विभाग और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों को जिले के सभी दुर्घटना संभावित क्षेत्रों और ब्लैक स्पॉट का नए सिरे से सर्वे करने का निर्देश दिया गया। आवश्यकता वाले स्थानों पर तत्काल साइन बोर्ड, स्पीड ब्रेकर, रिफ्लेक्टर और ब्लिंकर लाइट लगाने को कहा गया।
अतिक्रमण पर सख्ती:
सड़कों के किनारे अवैध अतिक्रमण और बेतरतीब खड़े वाहनों से होने वाली दुर्घटनाओं पर कलेक्टर ने नाराजगी जताते हुए राजस्व और पुलिस विभाग को संयुक्त अभियान चलाकर हाईवे तथा मुख्य मार्गों से अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए।
यातायात नियमों का सख्त पालन:
पुलिस और परिवहन विभाग को निर्देशित किया गया कि बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, ओवरस्पीडिंग, ओवरलोडिंग और नशे में वाहन चलाने वालों के विरुद्ध सख्त चालानी कार्रवाई की जाए। नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने के मामलों में उनके अभिभावकों की काउंसलिंग और कार्रवाई के भी निर्देश दिए गए।
आवारा पशुओं पर नियंत्रण:
राष्ट्रीय राजमार्ग और प्रमुख मार्गों पर बैठने वाले आवारा मवेशियों से होने वाली दुर्घटनाएं रोकने के लिए नगर पालिका और पंचायतों को कांजी हाउस की व्यवस्था दुरुस्त करने तथा मवेशियों के गले में रेडियम बेल्ट लगाने की कार्रवाई तेज करने को कहा गया।
जागरूकता अभियान:
बैठक के अंत में कलेक्टर ने स्कूलों, कॉलेजों और प्रमुख चौक-चौराहों पर बैनर, पोस्टर और नुक्कड़ नाटक के माध्यम से जनता को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। बैठक में संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
- Advertisement -
- Advertisement -