कॉलेज छात्रों की लंबित मांग: सीआईटी रायपुर तक नियमित सिटी बस सेवा शुरू करने की उठी आवाज
छात्रों-अभिभावकों ने मुख्यमंत्री से की पहल की मांग।
रायपुर – 14 जुलाई 2026
छत्तीसगढ़ इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (सीआईटी), रायपुर तक नियमित सिटी बस सेवा प्रारंभ करने की मांग एक बार फिर जोर पकड़ने लगी है। नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत के साथ बड़ी संख्या में विद्यार्थियों के प्रवेश लेने के बीच छात्रों और अभिभावकों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से इस लंबे समय से लंबित मांग पर शीघ्र निर्णय लेने का आग्रह किया है।
छात्रों एवं अभिभावकों का कहना है कि सीआईटी रायपुर तक नियमित सिटी बस सेवा शुरू करने के लिए महाविद्यालय प्रशासन की ओर से भी पूर्व में कई बार संबंधित विभागों को अनुरोध भेजा जा चुका है, लेकिन आज तक कोई ठोस पहल नहीं हो सकी। उनका कहना है कि यह मांग पिछले 10 वर्षों से लंबित है, जिससे हजारों विद्यार्थियों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
वर्तमान में विद्यार्थियों को कॉलेज आने-जाने के लिए ऑटो या निजी वाहनों पर निर्भर रहना पड़ता है। इससे न केवल अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ता है, बल्कि समय की भी काफी बर्बादी होती है। कई बार ऑटो चालकों द्वारा अधिक किराया वसूला जाता है और समय पर वाहन उपलब्ध नहीं होने से छात्र-छात्राओं को देर से कॉलेज पहुंचना पड़ता है।
अभिभावकों ने विशेष रूप से छात्राओं की सुरक्षा का मुद्दा उठाते हुए कहा कि सुबह और शाम के समय सुरक्षित एवं विश्वसनीय सार्वजनिक परिवहन का अभाव गंभीर चिंता का विषय है। नियमित सिटी बस सेवा शुरू होने से छात्राओं को सुरक्षित, सुलभ और किफायती आवागमन की सुविधा मिल सकेगी।
छात्रों का कहना है कि सीआईटी प्रदेश का एक प्रमुख तकनीकी शिक्षण संस्थान है, जहां छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों से विद्यार्थी अध्ययन के लिए आते हैं। ऐसे प्रतिष्ठित संस्थान तक शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से नियमित सिटी बस सेवा उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी भी है।
इससे विद्यार्थियों की उपस्थिति, समय पालन और शैक्षणिक प्रदर्शन में भी सकारात्मक सुधार आएगा।छात्रों और अभिभावकों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मांग की है कि छात्रहित एवं जनहित को ध्यान में रखते हुए सीआईटी रायपुर तक विभिन्न प्रमुख मार्गों से नियमित सिटी बस सेवा शीघ्र प्रारंभ कराई जाए।
उनका कहना है कि इस निर्णय से हजारों विद्यार्थियों को राहत मिलेगी और लंबे समय से चली आ रही परिवहन संबंधी समस्या का स्थायी समाधान हो सकेगा।
- Advertisement -
- Advertisement -