यात्रा सुरक्षा – अमरनाथ यात्रा 2026 की सुरक्षा व्यवस्था टाइट, IGP जम्मू ने कठुआ-सांबा में लिया जायजा
डिजटल डेस्क/जम्मू 13/07/2026
श्री अमरनाथ यात्रा 2026 को सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए जम्मू-कश्मीर पुलिस ने तैयारी तेज कर दी है। इसी कड़ी में जम्मू जोन के इंस्पेक्टर जनरल ऑफ पुलिस (IGP) भीम सेन टूटी ने कठुआ और सांबा जिलों में सुरक्षा व्यवस्था का विस्तृत निरीक्षण किया। उनके साथ IG CRPF जम्मू सेक्टर और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
IGP ने सबसे पहले जम्मू-कश्मीर के प्रवेश द्वार लखनपुर का दौरा किया। यहां उन्होंने लखनपुर रिसेप्शन सेंटर पर तैनात सुरक्षा बलों की स्थिति, यात्रियों की जांच प्रक्रिया और तलाशी व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि हर यात्री की सुचारू जांच के साथ-साथ उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसका भी ध्यान रखा जाए।
इसके बाद कठुआ में उच्च स्तरीय सुरक्षा समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपायुक्त कठुआ, SSP कठुआ, CRPF की 121वीं बटालियन और BSF की 159वीं बटालियन के कमांडिंग ऑफिसर सहित कई अधिकारी शामिल हुए। बैठक में राष्ट्रीय राजमार्ग पर सुरक्षा प्रबंधन, यातायात नियंत्रण और आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा हुई।
इससे पहले सांबा जिला पुलिस कार्यालय में भी संयुक्त सुरक्षा बैठक हुई, जिसकी अध्यक्षता IGP जम्मू और IG CRPF अमोल वी. होमकर ने की। बैठक में डीआईजी जेएसके रेंज श्रीधर पाटिल, डीआईजी सीआरपीएफ अवधेश पाठक, सांबा के एसएसपी अनुज कुमार सहित सीआईएसएफ, सीआरपीएफ, बीएसएफ, एसएसबी और पुलिस अधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक में लंगर स्थलों, ठहरने के स्थानों, सीमा क्षेत्र की निगरानी, क्विक रिस्पांस टीम (QRT) और यात्रा काफिले की सुरक्षा को लेकर रणनीति बनाई गई। IGP ने स्पष्ट कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और सभी एजेंसियों को आपसी तालमेल के साथ 24 घंटे सतर्क रहकर ड्यूटी करनी होगी।
- Advertisement -
- Advertisement -