38.8 C
Raipur
Sunday, June 7, 2026

देश प्रदेश :भुवनेश्वर में छत्तीसगढ़ पर्यटन का रोड शो, पर्यटन और निवेश की संभावनाओं को मिला बढ़ावा

Must read

न्यूज डेस्क 07 जून 2026

उड़ीसा राजधानी भुवनेश्वर में छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल द्वारा फिक्की के सहयोग से पर्यटन रोड शो का आयोजन किया गया। इस दौरान छत्तीसगढ़ की जनजातीय संस्कृति, ऐतिहासिक धरोहरों, धार्मिक स्थलों, प्राकृतिक पर्यटन स्थलों, जलप्रपातों, वन्यजीव अभ्यारण्यों और लोक कला की आकर्षक झलक प्रस्तुत की गई।

साथ ही राज्य में पर्यटन निवेश, नए पर्यटन उत्पादों और व्यवसायिक अवसरों की जानकारी भी दी गई।

कार्यक्रम में टूर ऑपरेटर्स, होटल व्यवसायी, ट्रैवल एजेंट, मीडिया प्रतिनिधि और दोनों राज्यों के अधिकारी शामिल हुए। रोड शो का उद्देश्य छत्तीसगढ़ की पर्यटन संभावनाओं को राष्ट्रीय स्तर पर बढ़ावा देना और ओडिशा तथा छत्तीसगढ़ के बीच पर्यटन सहयोग को मजबूत करना रहा।

छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के अध्यक्ष नीलू शर्मा ने ओडिशा के पर्यटन व्यवसायियों को छत्तीसगढ़ के पर्यटन स्थलों का भ्रमण करने और अपने पर्यटक समूहों को राज्य में लाने का आमंत्रण दिया। उन्होंने कहा कि पर्यटन के विकास के लिए सरकार के साथ-साथ निजी क्षेत्र और पर्यटन उद्योग की सक्रिय भागीदारी भी जरूरी है।

पर्यटन विभाग के सचिव एस. भारती दासन ने बताया कि राज्य सरकार अनुभव आधारित और सतत पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ प्राकृतिक सौंदर्य, जनजातीय जीवन, धार्मिक स्थलों और साहसिक पर्यटन गतिविधियों के कारण पर्यटकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बन रहा है।

उन्होंने यह भी बताया कि राज्य के पर्यटन प्रचार के लिए विभिन्न शहरों में सूचना केंद्र संचालित किए जा रहे हैं और भविष्य में ओडिशा में भी पर्यटन कार्यालय स्थापित करने की योजना है।

कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ-साथ बी-टू-बी नेटवर्किंग सत्र का भी आयोजन किया गया, जिसमें दोनों राज्यों के पर्यटन क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधियों ने संयुक्त पर्यटन पैकेज, व्यापारिक साझेदारी और प्रचार-प्रसार के अवसरों पर चर्चा की।

पर्यटन उद्योग से जुड़े प्रतिनिधियों ने छत्तीसगढ़ को सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और एडवेंचर पर्यटन के लिए एक उभरते हुए गंतव्य के रूप में विकसित करने में रुचि दिखाई। कार्यक्रम का समापन नेटवर्किंग डिनर के साथ हुआ।
- Advertisement -spot_img

More articles

- Advertisement -spot_img

Latest article