बेमेतरा – 02 जून 2026
बेमेतरा जिले के नवागढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मुरकुटा में खेत की घेराबंदी और पुरानी रंजिश को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति की हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या के आरोप में पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार ग्राम मुरकुटा निवासी अमरकांत नवरंग ने थाना नवागढ़ में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनके पिता विद्यासागर नवरंग (57 वर्ष) का पड़ोसी खेत मालिक गेंदलाल नवरंग और उसके परिवार के साथ लंबे समय से खेत की सीमा, पानी निकासी तथा कांटेदार तार की घेराबंदी को लेकर विवाद चल रहा था।
बताया गया कि सोमवार सुबह करीब 6:30 बजे इसी रंजिश के चलते गेंदलाल नवरंग और उसके पुत्र शशीकांत उर्फ सुशील नवरंग ने विद्यासागर नवरंग पर डंडे से हमला कर दिया। सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही नवागढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और एफएसएल टीम के सहयोग से घटनास्थल का निरीक्षण कर शव पंचनामा की कार्रवाई की। मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) एवं 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।


