रायपुर 1 जून 2026
अवैध रेत उत्खनन पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के सख्त निर्देश पर प्रदेश में अवैध खनन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत धमतरी जिले में बड़ी कार्रवाई की गई है। खनिज विभाग की केंद्रीय उड़नदस्ता टीम और जिला स्तरीय अधिकारियों की संयुक्त कार्रवाई में महानदी से अवैध रेत उत्खनन में लगी पांच चैन माउंटेन मशीनों को जब्त कर सील किया गया।
जानकारी के अनुसार, 31 मई की रात केंद्रीय खनि उड़नदस्ता एवं जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने धमतरी जिले के विभिन्न क्षेत्रों में औचक निरीक्षण किया। इस दौरान ग्राम नारी स्थित महानदी में पांच चैन माउंटेन मशीनें रेत उत्खनन करती हुई पाई गईं। मौके पर मौजूद लोगों द्वारा खनन संबंधी कोई वैध अनुमति या दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके।
खनिज विभाग ने मामले को अवैध उत्खनन मानते हुए खान एवं खनिज (विकास और विनियमन) अधिनियम, 1957 की धारा 21 के तहत कार्रवाई की। सभी मशीनों को जब्त कर सील किया गया तथा संबंधित पक्षों को जवाब प्रस्तुत करने के लिए नोटिस जारी किया गया।
प्रदेश सरकार का कहना है कि अवैध खनन पर नियंत्रण के लिए तकनीक आधारित निगरानी, नियमित निरीक्षण और त्वरित कार्रवाई की व्यवस्था लागू की गई है। इसी का परिणाम है कि प्रदेशभर में अवैध खनन गतिविधियों पर लगातार अंकुश लग रहा है।
सरकार ने स्पष्ट किया है कि खनिज संसाधनों के अवैध दोहन को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
मुख्यमंत्री के सख्त निर्देशों का असर दिखाते हुए खनिज विभा ग ने धमतरी में अवैध रेत खनन पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 5 चैन माउंटेन मशीनें जब्त की है।


