रायपुर – 31 मई 2026
छत्तीसगढ़ में अवैध रेत खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ चलाया जा रहा सख्त अभियान जांजगीर-चांपा में भी तेज़ हो गया है। खनिज, राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने जिले के कई स्थानों पर एक साथ छापे मारे और अवैध तरीके से जमा की गई रेत व खनन मशीनों पर कार्रवाई की।
खनिज विभाग के अधिकारियों के अनुसार, ग्राम आमोदी (खपरीडीह) में अवैध भंडारण की शिकायत मिलाते ही तुरंत अभियान चलाया गया।
इस दौरान लगभग 100 ट्रैक्टरों में भरी रेत को नदी में वापस डाला गया, ताकि अवैध संचय खत्म हो और नदी प्रणाली का संरक्षण बना रहे।साथ ही, संयुक्त जांच में दो चौन माउंट मशीनों को भी पकड़ लिया गया है। अब इनके खिलाफ कानून के तहत आगे की कार्रवाई होगी।
इसके अलावा ग्राम पीथमपुर-भादा क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन की शिकायत मिलने पर खनिज, राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने मौके पर जांच की। जांच के दौरान ग्राम भादा में नियमों के विपरीत चौन माउंट मशीन के माध्यम से रेत खनन किया जाना पाया गया, जिस पर कार्रवाई करते हुए एक चौन मशीन को जब्त कर मौके पर ही सीलबंद कर दिया गया।
इसी प्रकार ग्राम देवरहा में भी अवैध रेत खनन में संलिप्त एक अन्य चौन माउंट मशीन के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए उसे सीलबंद किया गया।
प्रशासन ने बताया कि दर्ज प्रकरणों की जांच छत्तीसगढ़ गौण खनिज साधारण रेत उत्खनन एवं व्यवसाय नियम, 2025 तथा खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 के प्रावधानों के तहत की जा रही है।
जांच उपरांत संबंधितों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन और खनिज संसाधनों के दुरुपयोग पर रोक लगाने के लिए अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा।


