32.8 C
Raipur
Friday, June 5, 2026

कलेक्टर लंगेह ने चौपाल लगा जनजातीय गरिमा उत्सव का बताया उद्देश्य:ग्रामीणों ने बताई समस्याएं

Must read

महासमुंद, 21 मई 2026

जनजातीय समुदायों के सर्वांगीण विकास एवं उनकी मूलभूत आवश्यकताओं को प्राथमिकता के साथ पूरा करने के उद्देश्य से आयोजित जनजातीय गरिमा उत्सव के अंतर्गत जिला कलेक्टर विनय कुमार लंगेह द्वारा विकासखंड बागबाहरा के ग्राम जोरातराई एवं ग्राम रैताल में ट्रांजेक्ट वॉक कर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया गया।

कलेक्टर ने जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों के साथ गांव की गलियों, बस्तियों एवं सार्वजनिक स्थलों का भ्रमण कर स्थानीय परिस्थितियों का अवलोकन किया तथा जनजातीय परिवारों की समस्याओं, आवश्यकताओं एवं विकास संबंधी अपेक्षाओं को विस्तार से समझा। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों के बीच बैठकर चौपाल लगाई और जनजातीय गरिमा उत्सव के उद्देश्य, शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा विकास कार्यों की जानकारी दी।

कलेक्टर ने कहा कि गांवों की वास्तविक आवश्यकताओं को समझकर ही प्रभावी एवं स्थायी विकास संभव है। इसी उद्देश्य से ट्रांजेक्ट वॉक के माध्यम से गांव की मूलभूत जरूरतों, अधोसंरचना, पेयजल, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, आजीविका एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं का प्रत्यक्ष अवलोकन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों से प्राप्त सुझावों एवं स्थानीय आवश्यकताओं के आधार पर शीघ्र ही समग्र कार्ययोजना तैयार की जाएगी, जिससे जनजातीय क्षेत्रों में विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ क्रियान्वित किया जा सके।

ग्रामीणों ने भी अपनी समस्याएं एवं आवश्यकताएं खुलकर साझा कीं। चौपाल में ग्रामीणों ने पेयजल व्यवस्था, सड़क सुधार, रोजगार के अवसर, शासकीय योजनाओं के लाभ तथा अन्य स्थानीय विषयों पर अपनी बात रखी। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित निराकरण हेतु आवश्यक निर्देश दिए तथा कई विषयों पर ग्रामीणों से ही समाधान के सुझाव भी प्राप्त किए।

इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष भीखम सिंह ठाकुर, जनपद पंचायत सीईओ श्री मंडावी, सहायक आयुक्त श्री शिल्पा साय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

उल्लेखनीय है कि जनजातीय गरिमा उत्सव अंतर्गत जनसुनवाई प्रत्येक जनजातीय ग्रामों में 21 से 25 मई तक आयोजित की जाएगी।

- Advertisement -spot_img

More articles

- Advertisement -spot_img

Latest article