नई दिल्ली 06/05/2026
व्हाट्सएप ने अपने करोड़ों यूजर्स के लिए अहम बदलाव का ऐलान किया है। कंपनी ने साफ कर दिया है कि 8 सितंबर 2026 से एंड्रॉयड 6.0 से पुराने वर्जन पर चलने वाले स्मार्टफोन्स में व्हाट्सएप काम करना बंद कर देगा। यानी एंड्रॉयड 5.0 और 5.1 वाले फोन पूरी तरह ऐप सपोर्ट से बाहर हो जाएंगे।
दरअसल, मेटा प्लेटफार्म समय-समय पर पुराने डिवाइस का सपोर्ट खत्म करता रहता है, ताकि नए फीचर्स और मजबूत सिक्योरिटी सिस्टम को बनाए रखा जा सके। पुराने ऑपरेटिंग सिस्टम में न तो लेटेस्ट अपडेट ठीक से काम करते हैं और न ही जरूरी सिक्योरिटी पैच मिलते हैं, जिससे डेटा चोरी और हैकिंग का खतरा बढ़ जाता है।
इस फैसले का असर खास तौर पर इंडिया जैसे देशों में ज्यादा देखने को मिल सकता है, जहां बड़ी संख्या में लोग लंबे समय तक पुराने स्मार्टफोन्स का इस्तेमाल करते हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, दुनिया भर में लाखों यूजर्स अभी भी पुराने एंडॉयड वर्जन पर निर्भर हैं और उन्हें व्हाट्सएप इस्तेमाल जारी रखने के लिए नया डिवाइस लेना पड़ सकता है।
कंपनी ने अपने आधिकारिक पोर्टल पर भी इस बदलाव की जानकारी अपडेट कर दी है और यूजर्स को नोटिफिकेशन भेजना शुरू कर दिया है। ऐप ओपन करते ही कई यूजर्स को अलर्ट मैसेज दिख रहा है, जिसमें बताया जा रहा है कि उनका डिवाइस जल्द ही सपोर्टेड नहीं रहेगा।
कुछ पुराने स्मार्टफोन मॉडल जैसे Samsung Galaxy S4, Nexus 4 और LG G2 पहले ही इस सपोर्ट लिस्ट से बाहर हो चुके हैं या जल्द हो जाएंगे।
यूजर्स के लिए क्या हैं विकल्प?
अगर आपका फोन पुराना है, तो दो रास्ते हैं—
अगर डिवाइस में अपडेट का विकल्प मौजूद है, तो उसे एंड्रॉयड 6.0 या उससे ऊपर के वर्जन पर अपग्रेड करें।
अगर अपडेट संभव नहीं है, तो नया स्मार्टफोन लेना ही पड़ेगा।
इसके साथ ही, यूजर्स को सलाह दी गई है कि वे अपने व्हाट्सएप चैट्स का बैकअप जरूर ले लें, ताकि महत्वपूर्ण डेटा सुरक्षित रहे।
कंपनी का कहना है कि यह कदम ऐप को ज्यादा सुरक्षित, तेज और फीचर-रिच बनाने के लिए जरूरी है, जिससे यूजर्स को बेहतर अनुभव मिलता रहे।
WhatsApp का बड़ा फैसला: 8 सितंबर 2026 से पुराने Android फोन पर ऐप बंद


