कवर्धा, 05 मई 2026 (पवन तिवारी)
कबीरधाम जिले की सभी 471 ग्राम पंचायतों में 7 मई को ‘चावल महोत्सव’ के साथ रोजगार सह आवास दिवस का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर ग्रामीणों को जल संरक्षण, आजीविका संवर्धन, विभिन्न योजनाओं में पारदर्शिता तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निर्माण कार्यों से संबंधित विस्तृत जानकारी प्रदान की जाएगी।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत स्वीकृत सभी आवासों का निर्माण अधिकतम 90 दिनों में पूर्ण कराने के लिए ग्रामीणों के साथ कार्ययोजना तैयार की जाएगी। साथ ही, हितग्राहियों को जारी की गई राशि की जानकारी भी सार्वजनिक रूप से साझा की जाएगी। स्व-सहायता समूह की महिलाओं (दीदियों) को निर्माण सामग्री की आपूर्ति से जोड़कर उन्हें आजीविका के अवसर उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया जाएगा।
जिला पंचायत कबीरधाम के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक अग्रवाल ने बताया कि कार्यक्रम में रेन वाटर हार्वेस्टिंग, सोख्ता गड्ढा जैसे छोटे-छोटे उपायों के माध्यम से वर्षा जल संग्रहण के लिए ग्रामीणों को जागरूक किया जाएगा।
इसके साथ ही महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के तहत ‘नवा तरिया, आय के जरिया’ अभियान के अंतर्गत नए कार्यों की पहचान और उनसे सृजित होने वाले रोजगार एवं आजीविका के अवसरों पर चर्चा होगी।
उन्होंने आगे बताया कि मनरेगा के तहत अधिक से अधिक नए कार्य प्रारंभ कर रोजगार के अवसर बढ़ाने पर विशेष बल दिया जाएगा। ‘आजीविका डबरी’ जैसी योजनाओं के माध्यम से अन्य विभागों से मिलने वाले लाभों की जानकारी भी ग्रामीणों को दी जाएगी।
पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए ग्राम पंचायतों में लगाए गए क्यूआर कोड के माध्यम से मनरेगा एवं आवास योजनाओं की जानकारी प्राप्त करने की प्रक्रिया भी बताई जाएगी। इन क्यूआर कोड को स्कैन कर पिछले तीन वर्षों का पूरा विवरण आसानी से देखा जा सकेगा।
उल्लेखनीय है कि जिले में प्रत्येक माह की 7 तारीख को ‘चावल महोत्सव’ के साथ रोजगार एवं आवास दिवस का आयोजन किया जाता है। इस दौरान ग्रामीणों को शासन की योजनाओं, उनके लाभ एवं प्रक्रियाओं की जानकारी देकर अधिक से अधिक लोगों को योजनाओं से जोड़ने का प्रयास किया जाता है। इसी कड़ी में 7 मई को यह आयोजन जिले की सभी 471 ग्राम पंचायतों में किया जाएगा।
जल संरक्षण, आजीविका संवर्धन और आवास निर्माण में पारदर्शिता पर होगा विशेष फोकस


