रायपुर/बेमेतरा -30 अप्रैल 2026
छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (CGBSE) द्वारा आज घोषित 10वीं और 12वीं के परीक्षा परिणामों ने प्रदेश में खुशी की लहर दौड़ दी है। इस बार के नतीजों ने सिद्ध कर दिया है कि प्रतिभा किसी संसाधनों की मोहताज नहीं होती। जहाँ बलौदाबाजार के जिज्ञासु वर्मा ने प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया, वहीं बेमेतरा की ओमनी वर्मा ने अपनी संघर्षपूर्ण कहानी से सबका दिल जीत लिया।
मजदूर की बेटी की ‘गोल्डन’ सफलता
बेमेतरा के आत्मानंद स्कूल की छात्रा ओमनी वर्मा ने 12वीं की प्रावीण्य सूची में दूसरा स्थान प्राप्त किया है। ओमनी के पिता एक राइस मिल में मजदूरी करते हैं।
कॉलेज की पूर्व अध्यक्ष नीतू कोठारी ने इस सफलता पर कहा,
“ओमनी को साइकिल तक चलानी नहीं आती, लेकिन उसने मेहनत के पंखों से सफलता की वह उड़ान भरी है जो मिसाल बन गई है। बेटियां अब स्वयं सिद्धा हैं।”
मुख्यमंत्री का संदेश: बेटियों के नाम रही सफलता
परिणामों की घोषणा स्वयं मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव की मौजूदगी में की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा:
“आज 10वीं और 12वीं का परीक्षा परिणाम जारी हुआ है, बहुत अच्छे नतीजे आए हैं। उच्च माध्यमिक में 83.04% और माध्यमिक में 77.15% नतीजे आए हैं। दोनों बोर्ड परीक्षा में हमारी बेटियों ने ज्यादा सफलता हासिल की हैं, सबको बहुत शुभकामनाएं।”
परीक्षा परिणाम: एक नजर में
इस वर्ष कुल 5.66 लाख परीक्षार्थियों ने अपना भाग्य आजमाया था।
12वीं का परिणाम:कुल 83.04% (छात्राएं: 86.4%, छात्र: 78.8%)
10वीं का परिणाम:कुल 77.15% (पिछले वर्ष से 5% की वृद्धि)
श्रेणी: 12वीं में 52.2% विद्यार्थी प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण हुए।
सम्मान और पुरस्कार
राज्य सरकार ने घोषणा की है कि मेधावी छात्रों (टॉपर्स) को 1.5 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि ये युवा ‘विकसित छत्तीसगढ़’ के निर्माण में अपनी अहम भूमिका निभाएंगे।
यहाँ देखें अपना परिणाम
विद्यार्थी अपना रिजल्ट बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइटों cgbse.nic.in और results.cg.nic.in पर देख सकते हैं। इसके साथ ही डिजिटल मार्कशीट DigiLocker (results.digilocker.gov.in) पर भी उपलब्ध करा दी गई है।


