बेमेतरा, 28 अप्रैल 2026:
जिले में बढ़ते नशे और सड़क हादसों को लेकर प्रशासन अब एक्शन मोड में आ गया है। कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं की अध्यक्षता में हुई समन्वय बैठक में साफ संकेत दिए गए कि आम जनता की सुरक्षा से समझौता नहीं होगा।
कलेक्टर ने कहा कि युवाओं में नशे की बढ़ती प्रवृत्ति गंभीर चिंता का विषय है और इसे रोकने के लिए पुलिस व प्रशासन संयुक्त रूप से सख्त कार्रवाई करेंगे। इसके साथ ही नशा मुक्ति के लिए गांव-शहर स्तर पर जनजागरूकता अभियान भी तेज किया जाएगा।
सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने जिले के चिन्हित ब्लैक स्पॉट्स पर विशेष फोकस किया है। यहां स्पीड ब्रेकर, साइन बोर्ड, रंबल स्ट्रिप्स और रिफ्लेक्टर लगाए जाएंगे, ताकि हादसों में कमी लाई जा सके।
सबसे अहम फैसला यह लिया गया कि अब बिना हेलमेट और सीट बेल्ट वाहन चलाने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी। पुलिस और परिवहन विभाग संयुक्त अभियान चलाकर नियम तोड़ने वालों पर चालानी कार्रवाई करेंगे।
शहर में ट्रैफिक जाम की समस्या से राहत दिलाने के लिए मुख्य मार्गों और चौराहों से अतिक्रमण हटाने का अभियान भी तेज किया जाएगा। वहीं, स्कूली बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए स्कूल बसों की फिटनेस जांच और सुप्रीम कोर्ट गाइडलाइंस का पालन सुनिश्चित किया जाएगा।
बैठक में सड़कों पर घूमने वाले आवारा पशुओं से होने वाली दुर्घटनाओं पर भी चिंता जताई गई। इसके लिए नगर पालिका को विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं।
कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा सिर्फ प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक की भागीदारी जरूरी है। इसके लिए स्कूलों और कॉलेजों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
प्रशासन का मानना है कि इन सभी उपायों से जिले में नशा मुक्ति, सड़क सुरक्षा और कानून व्यवस्था को मजबूत किया जा सकेगा।


