बेमेतरा, 23 अप्रैल 2026
पुलिस उप महानिरीक्षक (DIG) रामकृष्ण साहू (IPS) के निर्देशन में बेमेतरा पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए चोरी गए 16 चक्का ट्रक (कीमत लगभग₹ 9,50,000) और उसमें भरी रेत को बरामद कर 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
क्या है पूरा मामला?
9 अप्रैल 2026 को नायब तहसीलदार खम्हरिया ने बिना रायल्टी परमिट के रेत परिवहन करते पकड़े गए ट्रक क्रमांक CG 04 NV 8342 को जप्त कर तहसील कार्यालय के सामने सुरक्षार्थ खड़ा कराया था। 21 अप्रैल 2026 की रात करीब 11 बजे अज्ञात चोर उस जप्त ट्रक को रेत सहित चुरा ले गए। अगले दिन 22 अप्रैल को सुबह 5 बजे वाहन गायब पाया गया, जिस पर प्रार्थी विनोद कुमार पात्रे ने थाना खम्हरिया में रिपोर्ट दर्ज कराई।
पुलिस ने कहां पकड़ा आरोपी
गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम को जानकारी मिली कि संदेही हेमंत मरकाम चोरी के वाहन के साथ कवर्धा में देखा गया है। टीम ने कवर्धा के एक पेट्रोल पंप के पास उसे दबोच लिया। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि हंसुराम साहू और बैतल राम साहू के कहने पर उसने जप्त ट्रक चुराई, रेत सहसपुर लोहारा में डंप की और ट्रक को बाईपास रोड के पेट्रोल पंप पर छुपाकर रखा।
गिरफ्तार तीनों आरोपी कबीरधाम जिले के निवासी हैं —
1. हेमंत मरकाम (23 वर्ष) — चिलमखोदरा, थाना सहसपुर लोहारा।
2. हंसुराम साहू(36 वर्ष) — छोटूपारा, थाना सहसपुर लोहारा।
3. बैतल राम साहू (41 वर्ष) — पेन्ड्रीतराई, थाना सिंघनपुरी जंगल।
तीनों को धारा 303(2) व 3(5) BNS के तहत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में न्यायिक रिमांड पर प्रस्तुत किया गया है।
सराहनीय पुलिस टीम
इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक चंद्रदेव वर्मा के नेतृत्व में प्रधान आरक्षक अजय कुमार लहरे, विनोद पात्रे, आरक्षक हीराचंद गेन्ड्रे, दिनेश निषाद, अशरफी खान, धर्मेन्द्र साहू सहित थाना खम्हरिया की पूरी टीम का सराहनीय योगदान रहा।
यह कार्रवाई स्पष्ट संदेश देती है कि जप्त वाहनों से भी छेड़छाड़ करने वालों को कानून का कड़ा जवाब मिलेगा।
बेमेतरा पुलिस की त्वरित कार्रवाई- चोरी की ट्रक और रेत बरामद, 3 आरोपी गिरफ्तार


