रायपुर, 08 अप्रैल 2026
कांकेर जिले में अवैध रेत खनन एवं परिवहन के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करते हुए टॉस्क फोर्स ने चालू वित्तीय वर्ष में 99 मामलों में 99 वाहनों को जब्त कर 27 लाख 65 हजार रुपये की वसूली की है। कलेक्टर श्री क्षीरसागर के निर्देश पर अवैध गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखते हुए कार्रवाई की जा रही है।
खनिज विभाग के अनुसार जिले में वर्तमान में 15 रेत खदानें संचालित हैं। इनमें चारामा विकासखंड के ग्राम माहुद, भर्रीटोला, भिलाई, भिरौद, करिहा, हाराडुला, बासनवाही, अरौद और किलेपार तथा दुर्गकोंदल विकासखंड के भंडारडिगी, गुदुम और परभरेली शामिल हैं। इन खदानों का संचालन ग्राम पंचायतों और स्व-सहायता समूहों के माध्यम से किया जा रहा है। साथ ही 16 अस्थायी रेत भंडारण लाइसेंस भी जारी किए गए हैं।
वित्तीय वर्ष 2025-26 में रेत खनन एवं परिवहन से 76 लाख 62 हजार 572 रुपये की रॉयल्टी और 1 करोड़ 56 लाख 89 हजार 208 रुपये प्रीमियम के रूप में राजस्व प्राप्त हुआ है। इसके अलावा वर्ष 2019-20 और 2020-21 की 1 करोड़ 36 लाख रुपये की रॉयल्टी राशि ग्राम पंचायतों को वितरण हेतु जिला पंचायत को उपलब्ध कराई जा रही है।
अवैध गतिविधियों पर कार्रवाई के तहत अवैध भंडारण के 13 मामलों में 9 लाख 81 हजार रुपये तथा अवैध खनन के 5 मामलों में 5 मशीनें और 4 वाहन जब्त कर 7 लाख 45 हजार रुपये की वसूली की गई है। हाल ही में मिली शिकायतों पर कार्रवाई करते हुए 7 वाहन और 5 मशीनें भी जब्त की गई हैं।
जिला प्रशासन द्वारा रेत खदानों का संचालन नियमानुसार सुनिश्चित करते हुए अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर प्रभावी नियंत्रण के लिए सतत अभियान जारी है।
अवैध रेत परिवहन पर सख्ती, 99 वाहन जब्त कर 27.65 लाख की वसूली


