भिलाई नगर और पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र में की गई कार्रवाई, आरोपियों पर छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम और बीएनएस की धाराएं लगाई।
डिजिटल डेस्क 27/03/2026
प्रदेश में अवैध सट्टे और जुए के बढ़ते कारोबार पर अंकुश लगाने की दिशा में दुर्ग पुलिस ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए भिलाई नगर और पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर एक साथ दबिश दी। इस संयुक्त अभियान में पुलिस ने कुल नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया तथा नगदी, मोबाइल फोन, सट्टा-पट्टी सहित करीब दो लाख इक्यावन हजार रुपए का सामान जब्त किया।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि भिलाई नगर थाना क्षेत्र के सेक्टर-5, क्रॉस स्ट्रीट-4 में मंच के निकट कुछ संदिग्ध व्यक्ति सट्टा-पट्टी लिख रहे हैं। सूचना की पुष्टि होते ही पुलिस दल ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और रेड की। इस दौरान चार आरोपियों को सट्टा संचालित करते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया।
“जुआ-सट्टे के जाल में फंसकर प्रदेश के युवा अपना भविष्य दांव पर लगा रहे हैं। इस अवैध कारोबार पर निरंतर कार्रवाई जारी रहेगी।”ख़बर की आवाज
दूसरी कार्रवाई पुरानी भिलाई थाना और क्राइम टीम ने संयुक्त रूप से की। पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र के भिलाई-3 स्थित नूतन चौक, शिव मंदिर के पास कुछ लोग अंकों के आधार पर दांव लगाकर सट्टे का संचालन कर रहे थे। पुलिस ने दबिश देकर पांच आरोपियों को मौके पर ही दबोच लिया।
इस कार्रवाई में आरोपियों के पास से एक लाख सड़सठ हजार छह सौ रुपए की नगदी, छह मोबाइल फोन, सट्टा-पट्टी, रजिस्टर, कैलकुलेटर सहित अन्य सामग्री बरामद की गई, जिनकी कुल कीमत दो लाख आठ हजार छह सौ रुपए आंकी गई है।
कार्रवाई का सारांश 9 गिरफ्तार,₹2.51 लाख सामान जब्त
2 स्थानों पर छापा सभी आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की तहत कार्रवाई।


