रायपुर, 20 मार्च 2026
चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर गन्ना किसानों को बड़ी राहत मिली है। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के विशेष प्रयासों से भोरमदेव सहकारी शक्कर उत्पादक कारखाना मर्यादित, राम्हेपुर (कवर्धा) द्वारा किसानों को 5.97 करोड़ रुपये की राशि जारी की गई है। इसके साथ ही कारखाने द्वारा अब तक कुल 57.48 करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है, जिससे क्षेत्र के गन्ना किसानों में खुशी और संतोष का माहौल है।
कलेक्टर एवं कारखाने के प्राधिकृत अधिकारी गोपाल वर्मा के मार्गदर्शन में भुगतान प्रक्रिया लगातार जारी है। समयबद्ध भुगतान से सहकारी व्यवस्था में किसानों का विश्वास और अधिक मजबूत हुआ है। कारखाना प्रबंधन के अनुसार, यह निरंतरता किसानों की आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ करने के साथ-साथ कारखाने के सुचारु संचालन में भी सहायक साबित हो रही है।
प्रबंधन द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, चालू पेराई सत्र में 2,55,818 मीट्रिक टन गन्ने की पेराई की जा चुकी है, जिससे 3,09,120 क्विंटल शक्कर का उत्पादन हुआ है। यह उपलब्धि किसानों के सहयोग, प्रशासनिक मार्गदर्शन और कारखाने की बेहतर कार्यक्षमता का संयुक्त परिणाम मानी जा रही है।
किसानों और श्रमिकों के हित में निरंतर पहल
भोरमदेव सहकारी शक्कर कारखाना क्षेत्र के किसानों की आर्थिक और सामाजिक उन्नति का मजबूत आधार बनता जा रहा है। कारखाने द्वारा एफआरपी के अतिरिक्त रिकवरी राशि का भुगतान, शासन द्वारा प्रदत्त बोनस, रियायती दर पर शक्कर वितरण, उन्नत बीज उपलब्ध कराना तथा किसानों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम लगातार संचालित किए जा रहे हैं।
इसके अलावा कारखाना परिसर में किसानों के लिए सर्वसुविधायुक्त “बलराम सदन” और मात्र 5 रुपये में गरम भोजन की कैंटीन सुविधा उपलब्ध कराना सामाजिक उत्तरदायित्व का उत्कृष्ट उदाहरण माना जा रहा है।


