मध्य प्रदेश/उज्जैन | 24 जनवरी 2026
डिजिटल न्यूज जन चौपाल 36/चौपाल से चौपाटी तक
मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले के तराना कस्बे में शुक्रवार (23 जनवरी 2026) को जुमे की नमाज के बाद सांप्रदायिक तनाव फैल गया। खेड़ी मोहल्ला स्थित तकिया मस्जिद के आसपास नमाज के बाद स्थिति बिगड़ गई, जिसके बाद पथराव, तोड़फोड़ और आगजनी की घटनाएं सामने आईं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नमाज समाप्त होने के बाद कुछ असामाजिक तत्व सड़कों पर उतर आए और आसपास के इलाकों में पथराव शुरू कर दिया। इस दौरान कई वाहनों को नुकसान पहुंचा, वहीं बस स्टैंड क्षेत्र में खड़ी एक बस में आग लगा दी गई। घटना के बाद कुछ समय के लिए सड़क जाम की स्थिति भी बनी। तनाव के बीच कुछ लोग अन्य मोहल्लों की ओर बढ़ते नजर आए, जिससे हालात और बिगड़ गए।
हिंसा के दौरान कई घरों और दुकानों में तोड़फोड़ की गई। पथराव से घरों के शीशे टूटे और दरवाजों को नुकसान पहुंचा। बस स्टैंड के पास खड़ी कई बसें, कारें और दोपहिया वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। पुलिस के अनुसार, कुल 13 बसों को नुकसान पहुंचा है, जिनमें से एक-दो में आग लगाई गई, जबकि करीब 10 कारें और कई मोटरसाइकिलें क्षतिग्रस्त हुई हैं।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने तुरंत अतिरिक्त बल तैनात किया। जिले के विभिन्न थानों से फोर्स बुलाकर फ्लैग मार्च निकाला गया और ड्रोन व सीसीटीवी फुटेज की मदद से निगरानी की जा रही है। पुलिस ने जानलेवा हमले और उपद्रव से जुड़े मामलों में छह नामजद आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है, जिनमें से पांच को गिरफ्तार कर लिया गया है।
उज्जैन के पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा ने बताया कि 15 से 20 लोगों को हिरासत में लिया गया है और वीडियो फुटेज के आधार पर अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने घटना पर सख्त रुख अपनाते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
शनिवार सुबह तक स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, हालांकि एहतियातन निषेधाज्ञा लागू है और संवेदनशील क्षेत्रों में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की है।


