34.4 C
Raipur
Saturday, March 7, 2026

खाद्य विभाग की शुद्धता जांच: राजनांदगांव में पनीर व डेयरी प्रतिष्ठानों पर सर्जिकल स्ट्राइक

Must read

रायपुर/राजनांदगांव, 03 जनवरी 2026

नागरिकों की सेहत से खिलवाड़ रोकने और सुरक्षित खाद्य सामग्री सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने राजनांदगांव जिले में कमर कस ली है। विभाग द्वारा चलाए जा रहे सघन निरीक्षण अभियान के तहत शनिवार को पनीर एवं डेयरी उत्पादों के विनिर्माण और विक्रय केंद्रों पर औचक दबिश दी गई। इस कार्रवाई से मिलावटखोरों और नियमों की अनदेखी करने वाले संचालकों में हड़कंप मच गया है।

नमूने लैब भेजे गए, नियमों के उल्लंघन पर होगी कड़ी कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने जिले के कुल 08 प्रमुख प्रतिष्ठानों का बारीकी से निरीक्षण किया। इसमें पनीर बनाने वाली डेयरियां, थोक विक्रेता और पनीर के व्यंजन परोसने वाले नामचीन होटल व रेस्टोरेंट शामिल थे।

टीम ने मौके पर पनीर और अन्य डेयरी उत्पादों के नमूने संकलित कर उन्हें अत्याधुनिक खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा है। विभाग ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि रिपोर्ट में नमूने अमानक (Substandard), मिथ्याछाप (Misbranded) या असुरक्षित पाए जाते हैं, तो संबंधित संचालकों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

रसोई की स्वच्छता पर विशेष नजर: ‘नौटंकी रेस्टोरेंट’ को नोटिस
डेयरी उत्पादों के अलावा, टीम ने होटल-रेस्टोरेंट में उपयोग होने वाले टमाटर ग्रेवी, प्याज ग्रेवी और आटे के नमूने भी लिए। निरीक्षण के दौरान स्वच्छता के मानकों की अनदेखी करने पर मनगटा टूरिस्ट स्पॉट स्थित ‘नौटंकी रेस्टोरेंट’ को कड़ी फटकार लगाते हुए नोटिस जारी किया गया है।

विभाग ने संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि:
📌रसोई क्षेत्र में उच्चतम स्तर की स्वच्छता (Hygiene) बनाए रखें।
📌 किसी भी संक्रामक बीमारी से ग्रसित कर्मचारी को भोजन बनाने के कार्य से दूर रखें।
📌 केवल मानक गुणवत्ता वाले खाद्य तेलों का ही प्रयोग करें।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने सभी कारोबारियों से अपील की है कि वे सुरक्षित विनिर्माण और भंडारण सुनिश्चित करें। विभाग ने संकल्प दोहराया है कि जनता के स्वास्थ्य के साथ समझौता करने वाले किसी भी संस्थान को बख्शा नहीं जाएगा और यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।

- Advertisement -spot_img

More articles

- Advertisement -spot_img

Latest article