स्वराज द्वीप (हैवलॉक), अंडमान-निकोबार | 26 दिसंबर 25
रायपुर सांसद एवं वरिष्ठ भाजपा नेता बृजमोहन अग्रवाल ने अंडमान-निकोबार द्वीप समूह के स्वराज द्वीप (हैवलॉक) का दौरा किया। वे संसदीय स्थायी समिति (प्राक्कलन) के सदस्य के रूप में अध्ययन दौरे पर यहाँ पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने द्वीपों में चल रही बंदरगाह (पोर्ट) परियोजनाओं और स्वच्छ ऊर्जा से जुड़ी योजनाओं की विस्तार से समीक्षा की।
बैठक में पत्तन, जहाजरानी और जलमार्ग मंत्रालय, अंडमान-निकोबार प्रशासन और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी शामिल हुए। सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि द्वीपों के लिए मजबूत और सुरक्षित समुद्री संपर्क बेहद जरूरी है, क्योंकि यहाँ आवाजाही, पर्यटन और व्यापार काफी हद तक समुद्र पर निर्भर है।
उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार द्वारा स्वीकृत ₹620 करोड़ की राशि से पुरानी जेट्टियों के पुनर्निर्माण और नए पोर्ट इंफ्रास्ट्रक्चर का कार्य किया जा रहा है। सांसद ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी परियोजनाएं तय समय सीमा में पूरी हों, ताकि स्थानीय लोगों को सुविधा मिले और पर्यटन को बढ़ावा मिले।
इसके बाद सांसद ने पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय, ONGC और अन्य सार्वजनिक क्षेत्र की तेल कंपनियों के साथ “नेट ज़ीरो” लक्ष्य पर चर्चा की। अधिकारियों ने बताया कि किस तरह तेल कंपनियां अपने कामकाज में कार्बन उत्सर्जन कम करने के लिए कदम उठा रही हैं।
श्री अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने वर्ष 2070 तक नेट ज़ीरो का लक्ष्य रखा है, जिसमें ऊर्जा क्षेत्र की बड़ी भूमिका होगी। उन्होंने भरोसा जताया कि इन योजनाओं से अंडमान-निकोबार जैसे दूरस्थ लेकिन रणनीतिक क्षेत्रों का विकास होगा, रोजगार बढ़ेगा और पर्यावरण की भी रक्षा होगी।


