न्यूज़ डेस्क।दीपक पांडे_ 20/11/2025
छत्तीसगढ़
–आंध्र प्रदेश की सीमा पर सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच बीते 24 घंटे में दो मुठभेड़ों में कुल 13 नक्सली मारे जाने की पुष्टि हुई है। मंगलवार को हुई पहली कार्रवाई में 6 और बुधवार सुबह मारेडुमिल्ली क्षेत्र में हुए एनकाउंटर में 7 नक्सलियों को ढेर किया गया।
आंध्र प्रदेश के इंटेलिजेंस एडीजी महेश चंद्र लड्डा ने बताया कि बुधवार सुबह 6.30 से 7 बजे के बीच हुए मुठभेड़ में मेटूरू जोगा राव उर्फ टेक शंकर सहित 7 नक्सली मारे गए। घटनास्थल से 4 पुरुष व 3 महिला नक्सलियों के शव और 2 एके-47 सहित कुल 8 हथियार बरामद किए गए।
अधिकारियों के अनुसार मारे गए नक्सलियों में साउथ जोनल कमेटी सदस्य, आंध्रा–ओडिशा बॉर्डर इंचार्ज, एरिया कमेटी सदस्य सहित कई महत्वपूर्ण पदों पर रहे नाम शामिल हैं। सभी पर लाखों का इनाम घोषित था।
सूत्रों का कहना है कि मंगलवार को हुई पहली मुठभेड़ से बचकर निकले कुछ नक्सली भी इस कार्रवाई में मारे गए। सुरक्षाबलों ने जंगल क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है, जो फिलहाल जारी है। पुलिस ने माओवादी केंद्रीय समिति के सचिव देवजी के मारे जाने की जानकारी को खारिज किया है।


