उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन, सीएम साय, सांसद बृजमोहन देखेंगे सूर्य किरण टीम का शानदार प्रदर्शन
नया रायपुर/छत्तीसगढ़:_04/11/2025
छत्तीसगढ़ के रजत जयंती राज्योत्सव के मौके पर राजधानी रायपुर एक ऐतिहासिक आयोजन की गवाह बनने जा रही है। सांसद और वरिष्ठ भाजपा नेता श्री बृजमोहन अग्रवाल के प्रयासों से 5 नवंबर को नया रायपुर के सेंध लेक पर सुबह 10 बजे भारतीय वायुसेना की सूर्यकिरण एरोबेटिक टीम अपनी ताकत और कौशल का अद्भुत प्रदर्शन करेगी। इस अवसर पर उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन मुख्य अतिथि होंगे, जबकि छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री साय और सांसद श्री अग्रवाल भी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। वीर पायलटों की टीम रायपुर पहुंच चुकी है और कार्यक्रम की सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं।
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने छत्तीसगढ़वासियों से अपील की है कि वे इस ऐतिहासिक आयोजन में बड़ी संख्या में शामिल हों और भारतीय वायुसेना के शौर्य के साक्षी बनें। उन्होंने याद दिलाया कि 2009 में भी रायपुर के बूढ़ा तालाब पर सूर्यकिरण दल का इसी तरह शानदार प्रदर्शन हुआ था, जिसे जनता ने भरपूर समर्थन दिया था। सांसद अग्रवाल ने इस बार भी प्रदेशवासियों से कार्यक्रम को यादगार बनाने का आह्वान किया है।
इस महत्वपूर्ण आयोजन के लिए श्री अग्रवाल ने रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह से विशेष आग्रह कर सूर्यकिरण शो के आयोजन की औपचारिक अनुमति प्राप्त की। राज्य की प्रगति और छत्तीसगढ़ की पहचान को देशभर में ऊंचा उठाने के मकसद से यह आयोजन उनके राष्ट्रप्रेम और दूरदर्शी सोच का भी परिचायक है। राज्योत्सव के अवसर पर ऐसी शानदार प्रस्तुति पूरे प्रदेश के गर्व और उत्साह को और बढ़ाएगी।


