सांसद बृजमोहन अग्रवाल की पहल, ग्रामीण अंचल में कबड्डी, खो-खो और कुश्ती का धमाल
रायपुर, 10 अक्टूबर 2025।
रायपुर लोकसभा क्षेत्र में सांसद खेल महोत्सव 2025 ने ग्रामीण खेल प्रतिभाओं को सशक्त मंच दिया है। शुक्रवार को सिमगा के रोहरा और भाटापारा के गुर्रा जोन में जोन स्तरीय प्रतियोगिताओं का सफल आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों युवा खिलाड़ियों ने पूरे जोश के साथ भाग लिया।
सिमगा में ढाबाडीह और तुलसी का कब्जा
सिमगा के रोहरा जोन में पारंपरिक खेलों की धूम रही। कबड्डी के बालक वर्ग (19 वर्ष से कम) में ढाबाडीह ने और बालिका वर्ग में तुलसी ने जीत हासिल की। खो-खो की बालक प्रतियोगिता कुलिपोटा और बालिका प्रतियोगिता ढाबाडीह ने जीती। रस्साकसी में हाई स्कूल रोहरा की टीम विजेता बनी। गेड़ी दौड़ में देवप्रकाश यदु (ढाबाडीह) ने पहला स्थान प्राप्त किया।
गुर्रा जोन में बहुमुखी प्रदर्शन
भाटापारा के गुर्रा जोन में रस्साकसी, कबड्डी, खो-खो के साथ-साथ भारोत्तोलन और तैराकी जैसे विविध खेल हुए। हायर सेकंडरी गुर्रा की टीमों ने रस्साकसी में शानदार प्रदर्शन किया। कबड्डी बालक वर्ग (19 वर्ष) में मल्दी की टीम विजेता बनी। व्यक्तिगत खेलों में गौरी ध्रुव (भारोत्तोलन) और सुमन यादव (तैराकी) ने अपनी प्रतिभा से सबको प्रभावित किया।
अनुशासन और आत्मविश्वास जरूरी: सांसद
रायपुर सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल ने आयोजनों की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि महोत्सव का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण युवाओं में एकता, अनुशासन और आत्मविश्वास की भावना भरना है। उन्होंने विश्वास जताया कि रायपुर संसदीय क्षेत्र के ये युवा जल्द ही राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन करेंगे।


