हादसे में घायल सभी मजदूरों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उनका इलाज चल रहा है।
मनेंद्रगढ़-चिरमिरी/छत्तीसगढ़/07/10/2025
छत्तीसगढ़ के मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले की चिरमिरी ओपन कास्ट कोयला खदान में 6 अक्टूबर 2025 को विस्फोट हो गया, जिसमें 10 मजदूर घायल हो गए,इनमें महिलाएं भी शामिल है।हादसा तब हुआ जब खदान में ब्लास्टिंग के लिए डेटोनेटर में बारूद भरा जा रहा था।
विस्फोट के कारण मलबे में कई मजदूर दब गए और धमाके की आवाज दूर तक सुनाई दी। घायलों में 4 ठेका मजदूर और 6 SECL कर्मचारी शामिल हैं, जिनमें से 2 की हालत गंभीर बताई गई है।
घायलों को इलाज के लिए गोदरीपारा के रीजनल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एसईसीएल के अधिकारी, चिरमिरी नगर निगम के महापौर राम नरेश राय और छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल भी अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना।
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि विस्फोटक बिछाने के बाद जब ब्लास्टिंग टीम सुरक्षित स्थान पर लौट रही थी, तभी दुर्घटना हुई। अंदेशा है कि जमीन का तापमान अधिक होने से विस्फोट हुआ, हालांकि इसकी जांच जारी है।
इस हादसे को लापरवाही माना जा रहा है और सरकार ने घायलों के इलाज का पूरा खर्च उठाने का आश्वासन दिया है।


