बेमेतरा पुलिस परिवार ने सुख-समृद्धि की कामना के साथ किया माँ का गुणगान, एसएसपी सहित आला अधिकारी रहे मौजूद।
बेमेतरा) छत्तीसगढ़_ 03 अक्टूबर 2025:
रक्षित केन्द्र बेमेतरा पुलिस कॉलोनी में पिछले नौ दिनों से स्थापित माँ दुर्गा भवानी की प्रतिमा का गुरुवार, 02 अक्टूबर को विधि-विधान और पूर्ण श्रद्धा भाव से विसर्जन किया गया। इस भव्य आयोजन में पुलिस परिवार के सदस्यों और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लेकर माँ दुर्गा के प्रति अपनी अटूट आस्था प्रकट की।
अष्टमी और नवमी के पावन अवसर पर, पुलिस परिवार के सदस्यों ने विशेष पूजा-अर्चना, महाआरती और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हवन-पूजन कर पूर्णाहुति दी। इसके बाद कन्या भोज के साथ विशाल भंडारा एवं प्रसादी वितरण का आयोजन किया गया।
पुलिस परिवार के छोटे बच्चों ने प्रतिदिन सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए, जबकि जस गीत और भजन-कीर्तन से पूरा परिसर भक्तिमय और उत्साह से भरा रहा।
इस अवसर पर, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रामकृष्ण साहू (भा.पु.से.) सहित जिले के आला अधिकारी रक्षित केन्द्र स्थित पुलिस कॉलोनी में स्थापित पंडाल में पहुँचे और विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर पुलिस परिवार एवं बेमेतरा जनमानस की शांति एवं सुख-समृद्धि की कामना की।
आज सुबह माँ दुर्गा भवानी की प्रतिमा को शोभायात्रा के रूप में, बाजे-गाजे, जस गीत और भजन-कीर्तन के साथ, जयकारे लगाते हुए विसर्जन के लिए ले जाया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने उत्साह के साथ नाचते-गाते हुए माँ को विदाई दी।
इस भव्य आयोजन में एसएसपी रामकृष्ण साहू, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती ज्योति सिंह, एसडीओपी बेरला विनय कुमार, डीएसपी श्रीमती कौशिल्या साहू, डीएसपी श्रीमती संतोषी ग्रेस, रक्षित निरीक्षक प्रवीण खलखो सहित बड़ी संख्या में पुलिस परिवार के सदस्य और श्रद्धालु शामिल रहे।


