300 से अधिक छात्राओं का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण
बेमेतरा, 21 सितम्बर 2025।janchoupal36
जिला बेमेतरा में स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान के तहत शनिवार को साजा और देवकर स्थित शासकीय कन्या विद्यालयों में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 300 से अधिक छात्राओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया और उन्हें विभिन्न बीमारियों की रोकथाम संबंधी जानकारी दी गई।
कलेक्टर रणवीर शर्मा के निर्देशन तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अमृत लाल रोहलेडर और खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. ए.के. वर्मा के मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर में छात्राओं को मासिक धर्म स्वच्छता, एनीमिया की समस्या, पोषण, आयरन-फोलिक एसिड की उपयोगिता, कृमिनाशक दवाओं के सेवन और रोगों की रोकथाम के उपायों पर विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही हीमोग्लोबिन एवं सिकल सेल की जांच भी की गई।
स्वास्थ्य परीक्षण के बाद छात्राओं को आवश्यक दवाइयाँ वितरित की गईं।
साजा कन्या विद्यालय शिविर में डॉ. प्रियंका साहू, आरएचओ कविता ध्रुव, विमला निर्मल, रसमेश्वरी साहू और मीनाक्षी पांडेय ने सेवाएँ दीं।
देवकर कन्या विद्यालय शिविर में डॉ. सुप्रभा श्रीमाली, आरएचओ कविता वानखेडे और बिना मंडावी ने छात्राओं का परीक्षण किया।
इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य किशोरियों और महिलाओं को स्वास्थ्य जागरूकता से जोड़ना तथा उनकी नियमित जांच सुनिश्चित करना है।


