छत्तीसगढ़ शासन स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने शीघ्र पहल का दिया आश्वासन
जगदलपुर, 6 अगस्त 2025।Janchoupal36.com
छत्तीसगढ़ राज्य एड्स नियंत्रण कार्यक्रम के लगभग 400 संविदा कर्मचारियों ने आज स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल के बस्तर प्रवास के दौरान जगदलपुर रेस्ट हाउस में मुलाकात कर नियमितिकरण की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा।
कर्मचारियों ने कहा कि वे पिछले 25 वर्षों से संविदा पर कार्यरत हैं और राज्य में एचआईवी/एड्स नियंत्रण की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभा रहे हैं। इसके बावजूद उन्हें केवल एकमुश्त वेतन मिलता है, न किसी प्रकार की पेंशन, न चिकित्सा सुविधा और न ही परिवार के भविष्य के लिए सुरक्षा।
यूनियन के प्रतिनिधियों ने बताया:
“हमारी संख्या बहुत कम है, नियमितिकरण से शासन पर कोई बड़ा वित्तीय बोझ नहीं आएगा। केंद्र सरकार पहले ही नियमितिकरण के लिए अनापत्ति पत्र जारी कर चुकी है, और मणिपुर सरकार इस योजना में कार्यरत संविदा कर्मचारियों को पहले ही नियमित कर चुकी है। छत्तीसगढ़ सरकार कब तक हमें अनदेखा करेगी?”
कर्मचारियों ने यह भी याद दिलाया कि कोविड-19 महामारी के दौरान उन्होंने फ्रंटलाइन वॉरियर के रूप में काम किया, जिसमें कई कर्मचारी संक्रमित होकर अपनी जान गंवा बैठे। उनके परिजन आज आर्थिक तंगी से जूझ रहे हैं।
कर्मचारियों की मुख्य मांगें:
तत्काल नियमितिकरण – 25 साल की सेवा के बाद भी संविदा पर रखना अन्याय है।
सेवा सुरक्षा व पेंशन सुविधा – कर्मचारियों की उम्र अब सेवानिवृत्ति के करीब है, भविष्य असुरक्षित है।
कोविड में दिवंगत कर्मचारियों के परिजनों को मुआवजा व नौकरी।
सभी कंपोनेंट्स (ART, ICTC, PPTCT, STI, OST, ब्लड बैंक) में समान वेतनमान और भत्ते।
ज्ञापन देने वालों में प्रमुख रूप से मुकुंद दीवान (परामर्शदाता, मेडिकल कॉलेज जगदलपुर), तोरण भारती (ART सेंटर, जगदलपुर) और जिला एड्स नियंत्रण कार्यक्रम के संविदा कर्मचारी शामिल थे।
स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने ज्ञापन प्राप्त कर शीघ्र पहल का आश्वासन दिया।


