Must read

धान खरीदी में रिकॉर्ड — 9 दिन में 70 हजार किसानों से 2.78 लाख मीट्रिक टन खरीदी

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में धान खरीदी सुचारू रूप से जारी है। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में 15 नवंबर से शुरू हुई खरीदी में 23 नवंबर तक 9 दिनों में 70,979 किसानों से 2.78 लाख मीट्रिक टन से अधिक धान खरीदा जा चुका है। अकेले 23 नवंबर को 63,074 मीट्रिक टन धान की खरीदी हुई।

किसानों की सुविधा के लिए इस वर्ष 360 नए उपार्जन केंद्र शुरू किए गए हैं। प्रदेश के 2,461 केंद्रों में धान की आवक जारी है और अब तक 5 लाख से अधिक ऑनलाइन टोकन जारी किए जा चुके हैं। सरकार प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से खरीद रही है। ऑनलाइन टोकन से किसान घर बैठे विक्रय की तिथि तय कर पा रहे हैं।

प्रदेश में अवैध धान बिक्री/भंडारण भी धड़ल्ले से जारी

वहीं दूसरी ओर अवैध भंडारण पर प्रशासन की कार्रवाई भी जारी है। दो दिनों में 1,156 कट्टा से अधिक धान जब्त किया गया है। जिला प्रशासन ने कहा है कि अनियमितता, अवैध भंडारण और बिचौलियों की गतिविधियों पर सतत निगरानी रखी जा रही है। उल्लंघन पाए जाने पर मंडी अधिनियम सहित प्रचलित प्रावधानों के तहत कार्रवाई होगी।

जशपुर में चक्रवात से फसल नुकसान का सर्वे शुरू

जशपुर जिले में चक्रवात से धान की फसल को हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। कृषि विभाग और बीमा कंपनी का मैदानी अमला प्रभावित खेतों का निरीक्षण कर रहा है।

अब तक फसल क्षति के 432 प्रकरण तहसील कार्यालयों में जमा हो चुके हैं। बीमित 50 किसानों को 30.27 लाख रुपये का भुगतान किया गया है।

विभाग ने बताया कि जशपुर विकासखंड के किसान बबलू तिवारी की फसल नुकसान के संबंध में प्रकाशित समाचार को भी संज्ञान में लिया गया है। बीमित किसानों को फसल क्षति की सूचना 72 घंटे के भीतर टोल फ्री नंबर 14447 पर देने की जानकारी दी जा रही है। जिन किसानों ने बीमा नहीं कराया है, उनके लिए आर.बी.सी. 6-4 के तहत मुआवजे के प्रकरण तैयार किए जा रहे हैं।

छत्तीसगढ़ के डिजिटल क्रिएटर्स को मिलेगा राष्ट्रीय मंच

प्रदेश में पहली बार ‘छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिएटर एंड इन्फ्लुएंसर अवॉर्ड्स 2026’ का आयोजन हो रहा है। इसमें 16 मुख्य श्रेणियों और 46 उपश्रेणियों में डिजिटल प्रतिभाओं को सम्मानित किया जाएगा।

आयोजन 25 नवंबर को होटल बेबीलॉन इंटरनेशनल, रायपुर में होगा। प्रदेश की डिजिटल प्रतिभाओं को इससे राष्ट्रीय मंच और पहचान मिलने की उम्मीद है।

दुर्ग में साइबर थाना और नई पुलिस चौकी का लोकार्पण, नशामुक्ति के लिए संकल्प अभियान शुरू

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दुर्ग जिले के प्रवास के दौरान सेक्टर-6 भिलाई में महिला थाना के समीप 33.24 लाख रुपये की लागत से बने दुर्ग रेंज के साइबर थाना भवन का लोकार्पण किया।

मुख्यमंत्री ने नवीन पुलिस चौकी रूआबांधा का उद्घाटन किया। साथ ही पुलिस नियंत्रण कक्ष स्थित उन्नत एकलव्य प्रशिक्षण हॉल, परिवार परामर्श केंद्र के काउंसलिंग कक्ष एवं किलकारी कक्ष का भी लोकार्पण किया।

नशामुक्ति संकल्प अभियान

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने नशे की समस्या से समाज को मुक्त करने के लिए पोस्टर विमोचन कर संकल्प अभियान-नशामुक्ति का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि साइबर थाना से साइबर अपराधों की रोकथाम और विवेचना में मदद मिलेगी। परिवार परामर्श केंद्र में काउंसलिंग से पारिवारिक समस्याओं के समाधान और महिलाओं-बच्चों को अनुकूल वातावरण मिलेगा। रूआबांधा चौकी से क्षेत्र में कानून व्यवस्था मजबूत होगी।

जन चौपाल 36 का सवाल:फिर? शराब दुकान में बढ़ोतरी क्यों?

नशामुक्ति के लिए अभियान चल रहा है, लेकिन प्रदेश में नशे के कारोबार को कैसे रोका जाएगा?राजस्व की वृद्धि या शराब की मांग के चलते 68 नई शराब दुकानें की स्वीकृति दी गई।

कवर्धा में महर्षि कश्यप की प्रतिमा का अनावरण

उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक ने हटरी पारा में महर्षि कश्यप की प्रतिमा का अनावरण किया।

नवनिर्मित महर्षि कश्यप चौक को आकर्षक एवं भव्य स्वरूप दिया गया है। इस अवसर पर कसौधन गुप्ता समाज के प्रतिनिधियों और सदस्यों ने उप मुख्यमंत्री शर्मा का आत्मीय स्वागत किया।

- Advertisement -spot_img

More articles

- Advertisement -spot_img

Latest article