पुलिस स्मृति दिवस सप्ताह: शहीदों के शौर्य और बलिदान पर आधारित लघु फिल्म का प्रदर्शन।
बेमेतरा।30 अक्टूबर 2026
लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती एवं राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर पुलिस स्मृति दिवस सप्ताह के तहत बेमेतरा पुलिस ने कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में पुलिस शहीदों के अदम्य साहस, शौर्य और बलिदान पर आधारित लघु फिल्म के साथ राष्ट्रीय एकता के प्रतीक स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पर विशेष डॉक्यूमेंट्री का प्रदर्शन किया गया।
पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल (भा.पु.से.) के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. हरीश यादव, एसडीओपी बेमेतरा भूषण एक्का, एसडीओपी बेरला श्रीमती रुचि वर्मा एवं डीएसपी श्रीमती शशिकला उईके के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं में देशभक्ति, राष्ट्रसेवा और राष्ट्रीय एकता की भावना विकसित करना था। साथ ही पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों को कर्तव्य के प्रति निष्ठा एवं समर्पण का संदेश दिया गया।
लघु फिल्म के माध्यम से छात्राओं को उन वीर पुलिस जवानों के योगदान से परिचित कराया गया, जिन्होंने देश की आंतरिक सुरक्षा, एकता और अखंडता की रक्षा करते हुए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान दिया। वहीं डॉक्यूमेंट्री में सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्र निर्माण में योगदान और गुजरात स्थित 182 मीटर ऊंची स्टैच्यू ऑफ यूनिटी के निर्माण की जानकारी दी गई। देश के विभिन्न गांवों से लोहा और मिट्टी एकत्रित कर निर्मित यह प्रतिमा एक भारत-श्रेष्ठ भारत की भावना का प्रतीक है।
इस अवसर पर उपस्थित छात्राओं एवं पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने की शपथ भी दिलाई गई। सभी ने सरदार पटेल के आदर्शों को जीवन में अपनाने और राष्ट्र की एकता बनाए रखने में अपनी भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में यह जानकारी भी दी गई कि 31 अक्टूबर 2026 को गुजरात के एकता नगर में आयोजित होने वाली ‘एकता परेड-2026’ का सीधा प्रसारण शाम 5:30 बजे दूरदर्शन के डीडी नेशनल, डीडी न्यूज सहित प्रमुख समाचार चैनलों पर किया जाएगा। विद्यालय में भी छात्राओं के लिए इस प्रसारण की व्यवस्था की जाएगी।
कार्यक्रम में रक्षित निरीक्षक प्रवीण खलखो, प्रशिक्षु सूबेदार चुमन राम उर्वशा, विद्यालय की शिक्षिकाएं भारती घृतलहरे, अनीता साहू, सावित्री यादव सहित पुलिस अधिकारी-कर्मचारी एवं लगभग 172 छात्राएं उपस्थित रहीं।
