25.1 C
Raipur
Friday, October 30, 2026

त्योहारी सीजन में एमपी के यात्रियों को रेलवे की सौगात, पुणे और दानापुर के बीच चलेगी स्पेशल ट्रेन, जानिए पूरा शेड्यूल

Must read

 MP Festival Special Train: त्योहारों के दौरान ट्रेनों में बढ़ने वाली यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे ने विशेष इंतजाम किए हैं। मध्य प्रदेश से पुणे और महाराष्ट्र की यात्रा करने वाले लोगों को इससे काफी सहूलियत मिलने वाली है। रेलवे ने यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को संभालने के लिए पुणे-दानापुर-हड़पसर स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला लिया है। इस ट्रेन का संचालन 1 नवंबर 2026 से शुरू होगा। मध्य प्रदेश में भोपाल रेल मंडल के इटारसी, पिपरिया और नरसिंहपुर स्टेशनों पर इसका ठहराव निर्धारित किया गया है। दोनों दिशाओं में यह ट्रेन कुल 9-9 फेरे लगाएगी।

पुणे से दानापुर के बीच कब चलेगी ट्रेन?

रेलवे की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार, ट्रेन नंबर 01441 पुणे-दानापुर स्पेशल 1 नवंबर से 13 नवंबर 2026 के बीच 9 यात्राएं पूरी करेगी। यह ट्रेन पुणे से रविवार, बुधवार, गुरुवार, शुक्रवार और शनिवार को रात 7:40 बजे रवाना होगी।अगले दिन ट्रेन सुबह 11:15 बजे इटारसी, दोपहर 12:24 बजे पिपरिया और दोपहर 1:30 बजे नरसिंहपुर पहुंचेगी। इसके बाद मदनमहल, कटनी, मैहर और सतना होते हुए तीसरे दिन सुबह 7 बजे दानापुर स्टेशन पर अपनी यात्रा पूरी करेगी।

दानापुर से हड़पसर के लिए वापसी का शेड्यूल

वापसी के लिए ट्रेन नंबर 01442 दानापुर-हड़पसर स्पेशल का संचालन 3 नवंबर से 15 नवंबर 2026 तक किया जाएगा। इस दौरान ट्रेन कुल 9 फेरे लगाएगी।यह ट्रेन दानापुर से मंगलवार, शुक्रवार, शनिवार, रविवार और सोमवार को सुबह 8:30 बजे रवाना होगी। अगले दिन रात 11:05 बजे नरसिंहपुर और रात 12:18 बजे पिपरिया पहुंचेगी। इसके बाद रात 2:19 बजे इटारसी स्टेशन पर ठहराव होगा। निर्धारित मार्ग से होते हुए ट्रेन शाम 5:35 बजे पुणे के हड़पसर स्टेशन पहुंचेगी।

इन प्रमुख स्टेशनों पर मिलेगा ट्रेन का ठहराव

पुणे और दानापुर के बीच चलने वाली इस स्पेशल ट्रेन का ठहराव दोनों दिशाओं में कई महत्वपूर्ण स्टेशनों पर निर्धारित किया गया है। इनमें हड़पसर, दौंड कॉर्ड लाइन, अहिल्यानगर जंक्शन, कोपरगांव, मनमाड, जलगांव, भुसावल, इटारसी, पिपरिया, मदनमहल, नरसिंहपुर, मैहर, कटनी, मानिकपुर, सतना, प्रयागराज छिवकी, बक्सर, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन और आरा शामिल हैं।

रेलवे ने यात्रियों को दी जरूरी सलाह

रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा पर निकलने से पहले ट्रेन के समय, ठहराव और अन्य परिचालन संबंधी जानकारियों की पुष्टि जरूर कर लें। इसके लिए रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट का इस्तेमाल किया जा सकता है। इसके अलावा यात्री रेलवे की हेल्पलाइन संख्या 139 पर संपर्क करके भी आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

- Advertisement -spot_img

More articles

- Advertisement -spot_img

Latest article