22.5 C
Raipur
Wednesday, October 7, 2026

दिल्ली में फिर गरमाया SIR विवाद, आकाशवाणी भवन में राहुल गांधी और प्रियंका का धरना जारी

Must read

दिल्ली :  मतदाता सूची के स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन यानी SIR को लेकर कांग्रेस और विपक्ष का विरोध मंगलवार को और तेज हो गया। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा समेत विपक्ष के कई नेता चुनाव आयोग के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए आकाशवाणी भवन परिसर पहुंचे। कांग्रेस ने राहुल गांधी के इस प्रदर्शन को ‘लोकतंत्र के लिए सत्याग्रह’ बताया है।विपक्ष SIR प्रक्रिया को लेकर सवाल उठा रहा है और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहा है। दूसरी ओर चुनाव आयोग विपक्ष के आरोपों को खारिज करते हुए प्रक्रिया को तय नियमों और कानूनी प्रावधानों के तहत किए जाने की बात कह रहा है।

संसद से निकला मार्च कहां रुका

मंगलवार को INDIA गठबंधन के सांसदों ने संसद से चुनाव आयोग के मुख्यालय की ओर मार्च शुरू किया। विपक्षी नेताओं का कहना था कि वे SIR को लेकर अपनी आपत्तियां चुनाव आयोग के सामने रखना चाहते हैं।दिल्ली में मार्च को देखते हुए कई जगह सुरक्षा बढ़ाई गई और बैरिकेड लगाए गए। पुस ने नीति आयोग कार्यालय के पास मार्च को रोक दिया। इसके बाद कई विपक्षी सांसद सड़क पर बैठ गए और वहीं विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।

बैरिकेड पर चढ़े राहुल गांधी

प्रदर्शन के दौरान राहुल गांधी बैरिकेड पर चढ़ते नजर आए। इसके कुछ देर बाद राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा वहां से आगे बढ़कर पास स्थित आकाशवाणी भवन परिसर में पहुंच गए।दोनों नेताओं ने परिसर में एक पेड़ के नीचे बैठकर धरना शुरू कर दिया। इसके बाद आकाशवाणी भवन के आसपास सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई।

कांग्रेस ने बताया लोकतंत्र की लड़ाई

कांग्रेस ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए राहुल गांधी के प्रदर्शन को ‘लोकतंत्र के लिए सत्याग्रह’ बताया। पार्टी की ओर से आकाशवाणी भवन को प्रदर्शन स्थल बताया गया है।विपक्षी दलों का आरोप है कि SIR प्रक्रिया में कई स्तर पर गड़बड़ियां सामने आई हैं और इससे मतदाता सूची की पारदर्शिता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

चुनाव आयोग ने क्या कहा

चुनाव आयोग विपक्ष के इन आरोपों से सहमत नहीं है। आयोग का कहना है कि SIR की प्रक्रिया निर्धारित नियमों और कानूनी व्यवस्था के अनुसार की जा रही है।मंगलवार को आयोग के अधिकारियों की ओर से यह भी कहा गया कि किसी राजनीतिक दल की ओर से औपचारिक मुलाकात के लिए अनुरोध नहीं मिला था। यह बयान उस समय आया, जब राहुल गांधी और प्रियंका गांधी आकाशवाणी भवन परिसर में धरना दे रहे थे।

इस्तीफे की मांग पर कायम विपक्ष

राहुल गांधी ने प्रदर्शन के दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग दोहराई। INDIA गठबंधन के अन्य नेताओं ने भी चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी की और SIR से जुड़ी अपनी आपत्तियां उठाईं।प्रदर्शन के दौरान कई विपक्षी नेताओं को पुलिस ने हिरासत में भी लिया। फिलहाल आकाशवाणी भवन परिसर में राहुल गांधी और प्रियंका गांधी की मौजूदगी के चलते SIR को लेकर चल रहा राजनीतिक विवाद और ज्यादा चर्चा में आ गया है। दोनों पक्ष अपने-अपने रुख पर कायम हैं और आने वाले दिनों में यह मुद्दा संसद और राजनीतिक मंचों पर भी बहस का हिस्सा बना रह सकता है।

- Advertisement -spot_img

More articles

- Advertisement -spot_img

Latest article